झांसी। मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात और ईंधन को लेकर बनी किल्लत की आशंकाओं के बीच देश के कई हिस्सों में एलपीजी की कमी की चर्चा है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के झांसी से गैस सिलेंडरों की बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। यहां एक ट्रक में लदे 524 एलपीजी गैस सिलेंडर रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। बाद में ट्रक हाईवे किनारे खाली खड़ा मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
ट्रक से गायब हुए 524 सिलेंडर
मामले के अनुसार, ट्रक में लदे 524 गैस सिलेंडरों की कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक यह ट्रक भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन के करी प्लांट से एलपीजी सिलेंडर लेकर कानपुर देहात के गजनेर जा रहा था।
बताया जा रहा है कि 2 मार्च को सिलेंडर लोड होने के बाद ट्रक चालक होली का त्योहार मनाने घर चला गया। इसी दौरान अज्ञात बदमाश ट्रक लेकर फरार हो गए और उसमें लदे सभी सिलेंडर गायब कर दिए।
जीपीएस से मिली ट्रक की लोकेशन
जब ट्रक की तलाश शुरू की गई तो जीपीएस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की गई। इसके आधार पर ट्रक मालिक मौके पर पहुंचे तो पाया कि ट्रक परीछा थर्मल पावर प्लांट के पास हाईवे किनारे खड़ा था, लेकिन उसमें से सभी सिलेंडर गायब थे।
बदमाशों ने ट्रक में लगा ट्रैकिंग डिवाइस भी तोड़ दिया, जिससे ट्रक को ट्रैक करना मुश्किल हो गया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से जांच
ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
सिलेंडर की कमी के बीच बढ़ी चिंता
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब कई जगहों पर एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर पहले से ही चर्चा और चिंता का माहौल है। ऐसे में एक साथ सैकड़ों सिलेंडर गायब होने की घटना ने प्रशासन और उपभोक्ताओं दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
झांसी में ट्रक से 524 गैस सिलेंडर गायब, हाईवे किनारे खाली मिली गाड़ी; पुलिस जांच में जुटी


