भोपाल। ईरान-इजराइल युद्ध का असर अब भारत के मध्य प्रदेश में भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश में पिछले दो दिनों से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित है, जिससे होटल और रेस्टोरेंट उद्योग को भारी परेशानी हो रही है।
कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बंद
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.एस. शर्मा के अनुसार फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद कर दी गई है।
घरेलू सिलेंडरों की बुकिंग पर भी कई नियम लागू किए गए हैं। अब केवल रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ही बुकिंग की जा सकती है और दो सिलेंडरों के बीच कम से कम 25 दिन का अंतर अनिवार्य किया गया है।
शादियों और कारोबार पर असर
गैस की कमी का असर शादियों पर भी पड़ सकता है। भोपाल में अगले 20 दिनों में एक हजार से अधिक शादियां तय हैं, जबकि कई कैटरर्स ने गैस की कमी के कारण आयोजन करने में असमर्थता जताई है। छोटे-छोटे रेस्टोरेंट, हलवाई, रेहड़ी-ठेला कारोबारी और छोटे घरेलू उद्योग भी इस संकट से प्रभावित हो रहे हैं।
प्रदेश के अलग-अलग जिलों में स्थिति
भोपालः एजेंसियों पर लंबी कतारें, कई जगह ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत।
रीवाः पहले तुरंत मिलने वाला सिलेंडर अब एक-दो दिन की देरी से मिल रहा है।
रतलामः कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बंद, स्टॉक घटकर 400 से कम।
शिवपुरीः होटल और रेस्टोरेंट संचालक कारोबार बंद करने की स्थिति में।
ग्वालियरः फैक्ट्री, हलवाई दुकान, रेस्टोरेंट और हॉस्टल कैंटीन प्रभावित।
जबलपुरः एजेंसियों पर भीड़, कई उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद ओटीपी नहीं मिल रहा।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात लंबे समय तक ऐसे ही रहे तो गैस आपूर्ति और कीमतों पर और असर पड़ सकता है।
ईरान-इजराइल युद्ध का असर, मध्यप्रदेश में गैस सिलेंडर की किल्लत, होटल-रेस्टोरेंट और शादियों पर संकट


