मुंबई: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी उथल-पुथल देखने को मिली। शुरुआती तेजी के बाद बाजार में अचानक बिकवाली का दबाव बढ़ा और सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम हो गए। दोपहर करीब एक बजे तक बीएसई सेंसेक्स अपने दिन के उच्चतम स्तर से 1800 अंक तक टूट गया, जबकि निफ्टी में 525 अंकों से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। बाजार में आई इस गिरावट से निवेशकों को करीब 5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
तेजी के साथ खुला बाजार, फिर आई बड़ी गिरावट
सोमवार को कारोबार की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ हुई। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स पिछले कारोबारी सत्र के 83,919 अंक के बंद स्तर के मुकाबले बढ़त लेकर 84,421 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार में इसमें 743 अंकों की तेजी आई और यह 84,662 अंक के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
हालांकि, इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई। कारोबार बढ़ने के साथ गिरावट भी गहराती चली गई। दोपहर करीब एक बजे तक सेंसेक्स अपने दिन के उच्चतम स्तर से 1800 अंक फिसलकर 82,862 अंक पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी शुरुआती तेजी बरकरार नहीं रख सका। पिछले कारोबारी सत्र में 25,800 अंक पर बंद हुआ निफ्टी सोमवार को 25,929 अंक पर खुला और शुरुआती कारोबार में 25,992 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद इसमें तेज गिरावट आई और यह दिन के उच्चतम स्तर से करीब 525 अंक टूटकर 25,467 अंक पर आ गया।
निवेशकों के 5 लाख करोड़ रुपये डूबे
शेयर बाजार में आई इस गिरावट का सीधा असर निवेशकों की संपत्ति पर पड़ा। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण शुक्रवार को करीब 515 लाख करोड़ रुपये था। सोमवार को दोपहर एक बजे तक यह घटकर लगभग 510 लाख करोड़ रुपये रह गया। इस तरह कुछ ही घंटों के कारोबार में निवेशकों की करीब 5 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति कम हो गई।
ये भी पढे़ं: एशिया पावर इंडेक्स में भारत तीसरे स्थान पर, पीएम मोदी को क्षेत्र का दूसरा सबसे प्रभावी नेता माना
बैंकिंग और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव
बाजार में गिरावट के दौरान बैंकिंग और मेटल क्षेत्र के शेयरों में खासा दबाव देखने को मिला। बीएसई के लार्जकैप शेयरों में टाटा स्टील करीब 9 प्रतिशत टूट गया। एक्सिस बैंक में 3.30 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 2.50 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक में 2.40 प्रतिशत, एसबीआई में 2.20 प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक में 2.18 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
मिडकैप शेयरों में एपीएल अपोलो के शेयर करीब 20 प्रतिशत तक टूट गए, जबकि हिंदुस्तान पेट्रोलियम में 3 प्रतिशत की गिरावट रही। वहीं, स्मॉलकैप शेयरों में एसटीएल टेक और एचएफसीएल करीब 5 प्रतिशत तक फिसल गए।
शुरुआती तेजी के बाद बाजार में आई इस तेज गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। खासतौर पर बैंकिंग और मेटल शेयरों में बिकवाली ने बाजार के प्रमुख सूचकांकों पर दबाव बढ़ाया।

