इंदौर। देश और प्रदेश में लगातार बढ़ते साइबर अपराधों पर नियंत्रण पाने इंदौर पुलिस अब कमर कसने की तैयारी कर रही है। मौके पर ही इन अपराधों से निपटने के लिए आधुनिक तकनीकी का मजबूत तंत्र बनाने पर विचार किया है। पुलिस ने निर्णय लिया है कि शहर के प्रत्येक थाने में साइबर तकनीक में पारंगत पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी जिससे मौके पर ही साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों का समाधान हो सके। इसी को लेकर पुलिस आयुक्त कार्यालय में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें लगभग 80 पुलिसकर्मी आधुनिक तकनीकी साधनों और ऑनलाइन शिकायत पोर्टल की तकनीक सीखी।
शहर के थानों में स्थापित होंगे तकनीकी केंद्र स्थापित
शनिवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह, आर.के. सिंह सहित सभी पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त मौजूद रहे। शहर के सभी थानों से आरक्षक और प्रधान आरक्षक स्तर के पुलिसकर्मियों को बुलाकर साइबर अपराधों से निपटने की व्यावहारिक जानकारी दी गई। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर थाना स्तर पर साइबर सहायता कक्ष को सशक्त बनाने की योजना को अम्ली जामा पहनाया जा रहा है, ताकि पीड़ितों को शिकायत दर्ज कराने के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और थाने में ही तत्काल कार्रवाई हो सके।
अपराधी भी हो चुके हैं आधुनिक
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह का कहना है कि तकनीकी युग में अपराधी भी अत्याधुनिक तरीकों का उपयोग कर रहे हैं, इसलिए पुलिस को उनसे एक कदम आगे रहना होगा। उनका उद्देश्य है कि इंदौर पुलिस का प्रत्येक थाना साइबर मामलों में सक्षम बने और कोई भी पीड़ित व्यक्ति थाने से निराश होकर वापस न जाए। पुलिस आयुक्तालय ने संकेत दिए हैं कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे और आने वाले समय में हर थाने में साइबर मामलों के लिए प्रशिक्षित पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
साइबर अपराधों से जूझने इंदौर पुलिस की नई रणनीति, हर थाने में तैयार होंगे साइबर विशेषज्ञ
RELATED ARTICLES

