पुणे। महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी पुणे के बिबवेवाडी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला और आक्रोश पैदा करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 9 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश करने वाले एक शख्स को नागरिकों और एक स्थानीय संगठन ने रंगे हाथों पकड़कर उसकी जमकर क्लास लगाई।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, गोरख कामठे नामक व्यक्ति ने बिबवेवाडी क्षेत्र में एक 9 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। जैसे ही इस बात की भनक स्थानीय नागरिकों और गनिमी कावा संगठन के कार्यकर्ताओं को लगी, उन्होंने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
गुस्साए नागरिकों और संगठन के सदस्यों ने आरोपी गोरख कामठे की जमकर पिटाई की। बीच सड़क पर हुई इस धुनाई का उद्देश्य अपराधियों के मन में खौफ पैदा करना था। पिटाई के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
बदनामी के डर से पीछे हटा परिवार
हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर मामले में पीड़ित बच्ची के परिवार ने पुलिस में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने से फिलहाल इनकार कर दिया है। परिवार का मानना है कि पुलिस केस होने से बच्ची और उनके घर की समाज में बदनामी हो सकती है।

