भोपाल। त्विषा शर्मा दहेज मृत्यु मामले में आरोपी पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह ने भोपाल केंद्रीय जेल में अपनी सुरक्षा को लेकर अदालत से गुहार लगाई। उन्होंने आशंका जताई कि उनके पूर्व न्यायिक कार्यकाल के दौरान दिए गए फैसलों के कारण जेल में बंद कुछ कैदियों से उन्हें खतरा हो सकता है।
गिरिबाला सिंह ने अदालत में कहा कि उन्हें और उनके बेटे समर्थ सिंह को जेल में पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिलने की आशंका है, इसलिए उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा जाए। अदालत ने उनकी इस मांग को स्वीकार कर लिया और जेल प्रशासन को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मामले की सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें लगातार मीडिया ट्रायल और दबाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सीबीआई जांच से जुड़ी जानकारियों के प्रसारण पर भी रोक लगाने की मांग की।
सीबीआई रिमांड समाप्त होने के बाद अदालत ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वर्तमान में गिरिबाला सिंह को महिला बैरक में विशेष निगरानी में रखा गया है, जबकि समर्थ सिंह अस्पताल बैरक में निगरानी में हैं।

