नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे होटल में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 35 लोग घायल हो गए। मृतकों में 11 विदेशी नागरिक शामिल हैं, जिनमें 9 अफ्रीकी और 2 तुर्कमेनिस्तान के बताए गए हैं। वहीं भारतीय मृतकों में राजस्थान और हरियाणा के एक ही परिवार के 8 सदस्य शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब 8:50 बजे होटल के ग्राउंड फ्लोर स्थित रेस्टोरेंट में लगी, जो कुछ ही देर में छह मंजिला इमारत में फैल गई। आग और धुएं से बचने के लिए कई लोगों को तीसरी और चौथी मंजिल से छलांग लगानी पड़ी। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की मदद से करीब 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दिल्ली पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल के पास फायर एनओसी नहीं थी। इसके अलावा जिस गेस्ट हाउस को केवल 6 कमरों की अनुमति मिली थी, वहां 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे।
फायर अधिकारियों के अनुसार होटल में प्रवेश और निकास का केवल एक संकरा रास्ता था, जिससे राहत और बचाव कार्य में कठिनाई हुई। हादसे में घायल लोगों को मैक्स अस्पताल, एम्स और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और होटल में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

