Wednesday, June 17, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending news23 साल की उम्र में 19 सरकारी परीक्षाएं: संघर्ष और सफलता की...

23 साल की उम्र में 19 सरकारी परीक्षाएं: संघर्ष और सफलता की अनोखी कहानी, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

रायपुर। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले लाखों युवाओं के लिए छत्तीसगढ़ की बेटी चारू पांडे आज एक मिसाल बन चुकी हैं। महज 23 वर्ष की उम्र में चारू ने वह उपलब्धि हासिल की है, जिसके बारे में अधिकांश अभ्यर्थी सिर्फ सपना देखते हैं। उन्होंने SSC, बैंकिंग, रेलवे, पुलिस और अन्य विभागों की कुल 19 सरकारी भर्ती परीक्षाएं सफलतापूर्वक पास कर नया रिकॉर्ड कायम किया है। उनकी इसी असाधारण उपलब्धि को देखते हुए आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित करेंगी।

छोटे शहर से राष्ट्रीय पहचान तक

बता दें रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा की रहने वाली चारू पांडे ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय स्कूलों से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दुर्ग स्थित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से गणित विषय में स्नातक किया। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सरकारी नौकरी पाने का लक्ष्य तय कर लिया था और लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी। आज चारू चेन्नई स्थित भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) कार्यालय में असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।

किन-किन परीक्षाओं में मिली सफलता?

जानकारी अनुसार, चारू ने SSC की कई प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल की, जिनमें SSC CGL, CHSL, MTS, GD और CPO शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने बैंकिंग सेक्टर की प्रमुख परीक्षाएं IBPS PO, IBPS Clerk, SBI PO और SBI Clerk भी पास कीं।

रेलवे भर्ती बोर्ड की NTPC और Group-D परीक्षा में भी उनका चयन हुआ। वहीं पुलिस विभाग में दिल्ली पुलिस, छत्तीसगढ़ सब-इंस्पेक्टर और ट्रांसपोर्ट सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में भी उन्होंने सफलता हासिल की। इसके अलावा CG NHM समेत कई अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा।

कई असफलताओं के बाद मिली बड़ी सफलता

चारू का सफर केवल सफलताओं से भरा नहीं था। तैयारी के शुरुआती दौर में उन्हें कई बार असफलताओं का सामना करना पड़ा। कई परीक्षाओं में अंतिम चयन नहीं हो पाया, लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय अपनी गलतियों का विश्लेषण किया और तैयारी को और बेहतर बनाया। चारू का मानना है कि असफलता किसी भी लक्ष्य का अंत नहीं होती, बल्कि वह सफलता की दिशा में सीखने का सबसे बड़ा अवसर होती है।

क्या है चारू की सफलता का फॉर्मूला?

चारू अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, विषयवार रणनीति, मॉक टेस्ट और निरंतर आत्ममूल्यांकन को देती हैं। उनका कहना है कि हर परीक्षा के बाद उन्होंने अपनी कमजोरियों को पहचाना और अगले प्रयास में उन्हें सुधारने का प्रयास किया। उनके अनुसार, यदि छात्र सही योजना बनाकर समय का सदुपयोग करें और निरंतर अभ्यास करते रहें तो किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है।

युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा

वहीं चारू पांडे की कहानी यह साबित करती है कि संसाधनों की कमी या छोटे शहर की पृष्ठभूमि कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। दृढ़ संकल्प, अनुशासन और लगातार मेहनत के दम पर कोई भी व्यक्ति अपने सपनों को साकार कर सकता है। आज चारू केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे देश के प्रतियोगी छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी हैं। उनकी उपलब्धि लाखों युवाओं को यह संदेश देती है कि लक्ष्य बड़ा हो तो मेहनत भी उतनी ही बड़ी करनी पड़ती है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal – 14 to 20 june 2026
Bhopal- 31 to 6 June 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन