महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर उथल-पुथल के दौर से गुजरती नजर आ रही है। शिवसेना (यूबीटी) के कई सांसदों के संपर्क से बाहर होने और उनके सत्तारूढ़ शिवसेना के संपर्क में होने की अटकलों ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। हालांकि पार्टी नेतृत्व लगातार दावा कर रहा है कि सभी सांसद उद्धव ठाकरे के साथ मजबूती से खड़े हैं, लेकिन घटनाक्रम कई सवाल खड़े कर रहा है। 2022 में एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद शिवसेना पहले ही बड़े विभाजन का सामना कर चुकी है। अब यदि लोकसभा सांसदों का एक बड़ा समूह पार्टी छोड़ता है, तो यह केवल संख्या का नुकसान नहीं होगा, बल्कि संगठनात्मक नेतृत्व पर भी सवाल उठेंगे। राजनीतिक सूत्रों का मानना है कि पार्टी में नई पीढ़ी के नेतृत्व को आगे बढ़ाने और वरिष्ठ नेताओं की भूमिका को लेकर असंतोष पनप रहा है। संजय राउत द्वारा सांसदों की खरीद-फरोख्त के लिए 15 करोड़ रुपये एडवांस दिए जाने का आरोप भी इस विवाद को और गंभीर बना देता है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ऐसे दावे लोकतांत्रिक राजनीति की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करते हैं। यदि राजनीतिक दल अपने जनप्रतिनिधियों को एकजुट रखने में असफल होते हैं, तो इसका असर जनता के विश्वास पर भी पड़ता है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच अरविंद सावंत द्वारा लोकसभा अध्यक्ष को लिखा गया पत्र महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें पार्टी ने अपनी संसदीय पहचान और अधिकारों की रक्षा की मांग की है तथा दल-बदल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई का संकेत भी दिया है। इससे साफ है कि शिवसेना (यूबीटी) संभावित राजनीतिक संकट से निपटने के लिए कानूनी तैयारी भी कर रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या उद्धव ठाकरे अपने सांसदों और नेताओं को एकजुट रखने में सफल होंगे? आने वाले दिनों में होने वाली बैठकों और राजनीतिक गतिविधियों से तस्वीर और साफ होगी। इतना तय है कि महाराष्ट्र की राजनीति में स्थिरता अभी भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है और शिवसेना (यूबीटी) के लिए यह समय संगठनात्मक मजबूती की सबसे बड़ी परीक्षा साबित हो सकता है।
-मिलिंद ठाकरे

