उज्जैन। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल शुक्रवार तड़के उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन-पूजन किया। चहल पहली बार महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए और करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल की आराधना करते रहे।
भस्म आरती के दौरान युजवेंद्र चहल पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आए। आरती के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया। दर्शन के उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
अपने अनुभव को साझा करते हुए युजवेंद्र चहल ने कहा कि वह पहली बार बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए हैं और यह उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव है। उन्होंने आगे कहा कि यह ऐसा अनुभव है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। बाबा महाकाल जब-जब बुलाएंगे, मैं उज्जैन आता रहूंगा।
चहल के मंदिर पहुंचने की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं और क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिला। महाकाल मंदिर में दर्शन के दौरान कई श्रद्धालुओं ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
उल्लेखनीय है कि विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिदिन तड़के होने वाली भस्म आरती में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह आरती महाकाल मंदिर की सबसे विशेष और दिव्य परंपराओं में से एक मानी जाती है।

