मैनचेस्टर। विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में आज ग्रुप-A का बेहद अहम मुकाबला भारत और बांग्लादेश के बीच मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है, क्योंकि सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए जीत बेहद जरूरी है।
सेमीफाइनल की रेस हुई रोमांचक
बता दें ग्रुप-A में भारत, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश तीनों टीमों के 3 मैचों में 4-4 अंक हैं। ऐसे में आज का मुकाबला सीधे तौर पर सेमीफाइनल की तस्वीर तय कर सकता है। वहीं नीदरलैंड की टीम अंतिम-4 की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है। आज रात दूसरा मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड के बीच ब्रिस्टल में खेला जाएगा, जिस पर भी सभी की नजरें टिकी होंगी।
भारत का पलड़ा भारी
जानकारी अनुसार, टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत और बांग्लादेश की टीमें अब तक तीन बार आमने-सामने आई हैं और हर बार भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है। ऐसे में हरमनप्रीत कौर की टीम इस रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेगी।
भारतीय बल्लेबाजों पर रहेंगी निगाहें
वहीं स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स से टीम को तेज शुरुआत की उम्मीद होगी। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर और विकेटकीपर ऋचा घोष मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी संभालेंगी। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और राधा यादव अहम भूमिका निभा सकती हैं।
संभावित प्लेइंग-11
भारत
शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), यास्तिका भाटिया/भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी/क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, एन श्री चरणी।
बांग्लादेश
दिलारा अख्तर, जुआरिया फिरदौस, शर्मीन अख्तर, निगार सुल्ताना (कप्तान), शोभना मोस्तरी, रितु मोनी, शूर्णा अख्तर, राबिया खान, नाहिदा अख्तर, मारुफा अख्तर, संजीदा अख्तर मेघला।

