Friday, July 3, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
HomeUncategorized3 जुलाई को सिनेमाघरों में धमाका करेगी 'अल्फा'

3 जुलाई को सिनेमाघरों में धमाका करेगी ‘अल्फा’

मुंबई। बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री आलिया भट्ट एक बार फिर बड़े पर्दे पर नया धमाका करने जा रही हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘अल्फा’ 3 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म सिर्फ एक और एक्शन मूवी नहीं, बल्कि यशराज स्पाई यूनिवर्स की पहली ऐसी फिल्म है, जिसकी कमान दो महिला जासूसों के हाथ में है।

फिल्म में आलिया भट्ट के साथ अभिनेत्री शरवरी वाघ भी दमदार एक्शन अवतार में नजर आएंगी। रिलीज से पहले आलिया ने फिल्म को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं और बताया कि यह उनके करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण और यादगार अनुभव रहा।

अल्फा’ ने मुझे मेरी सीमाओं से बाहर निकाला

आलिया भट्ट ने कहा कि ‘अल्फा’ की शूटिंग उनके फिल्मी करियर के सबसे खास अनुभवों में शामिल रहेगी। उन्होंने कहा,

‘इस फिल्म ने मुझे एक कलाकार के तौर पर कई नए तरीकों से चुनौती दी। हर दिन कुछ नया सीखने को मिला। एक्शन की दुनिया मेरे लिए बिल्कुल नई थी और मैंने शूटिंग के हर पल को दिल से जिया।’

आलिया ने बताया कि सेट पर मौजूद पूरी टीम का उत्साह और ऊर्जा उन्हें हर दिन बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती थी।

दो महिला एजेंट… एक मिशन और जबरदस्त एक्शन

आलिया के मुताबिक, ‘अल्फा’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी कहानी है, जिसमें पूरी कहानी दो मजबूत महिला किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है। उन्होंने कहा,

‘अक्सर एक्शन फिल्मों में पुरुष किरदार केंद्र में होते हैं, लेकिन ‘अल्फा’ इस सोच को बदलती है। यह फिल्म सिर्फ महिलाओं की कहानी नहीं, बल्कि साहस, आत्मविश्वास और जुनून का जश्न है।’

यशराज स्पाई यूनिवर्स का नया अध्याय

जानकारी के मुताबिक, ‘पठान’, ‘टाइगर’ और ‘वॉर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद अब यशराज फिल्म्स अपने स्पाई यूनिवर्स में नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। इस बार कहानी का केंद्र दो महिला एजेंट हैं, जो हाई-ऑक्टेन मिशन पर निकलती हैं। फिल्म का निर्माण आदित्य चोपड़ा ने किया है, जबकि निर्देशन शिव रवैल ने किया है, जिन्होंने इससे पहले ‘द रेलवे मेन’ जैसी चर्चित वेब सीरीज का निर्देशन किया था।

फिल्म में हाई-वोल्टेज एक्शन सीक्वेंस, शानदार विजुअल्स, दमदार स्टंट और भावनात्मक कहानी का अनोखा मेल देखने को मिलेगा। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म भारतीय एक्शन सिनेमा को नए स्तर पर ले जाएगी। अब फैंस की नजरें 3 जुलाई पर टिकी हैं, जब आलिया भट्ट बड़े पर्दे पर अपने अब तक के सबसे अलग और दमदार किरदार में नजर आएंगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 29 June to 6 July 2026
Bhopal- 21 to 27 June 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन