Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsउफनती पुलिया पार करना पड़ा भारी, 13 घंटे बाद भी नहीं मिला...

उफनती पुलिया पार करना पड़ा भारी, 13 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बड़नगर तहसील के ग्राम गावड़ी लोधा में उफनती पुलिया पार करने के दौरान ग्राम पंचायत के सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह तेज बहाव में अपनी मोटरसाइकिल सहित बह गए। घटना के करीब 13 घंटे बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

पुराने रास्ते का शॉर्टकट पड़ा भारी

जानकारी के अनुसार, सूर्य प्रताप सिंह अपने साथी कृष्ण पाल सिंह के साथ बड़नगर से गावड़ी लोधा लौट रहे थे। गांव के पास स्थित पुरानी पुलिया पर तेज बारिश के कारण पानी का तेज बहाव था। पुलिया पार करने से पहले कृष्ण पाल सिंह बाइक से उतर गए, जबकि सूर्य प्रताप सिंह मोटरसाइकिल को निकालने लगे। इसी दौरान पानी का तेज बहाव उन्हें बाइक सहित बहाकर ले गया।

यह भी पढ़ें-

एमपी में मानसून का जोरदार आगाज: अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, खंडवा-हरदा में रेड अलर्ट

साथी ने बचाने की कोशिश की

प्रत्यक्षदर्शी कृष्ण पाल सिंह ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के सामने वह असहाय रहे। इसके बाद उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और काफी देर तक तलाश करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली।

पुलिस और एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही इंगोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दीपेश व्यास पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रात होने और तेज बहाव के कारण तलाश अभियान प्रभावित हुआ, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। शुक्रवार सुबह से टीम लगातार नदी और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन कर रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना के कुछ समय बाद सूर्य प्रताप सिंह की मोटरसाइकिल घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर बरामद हो गई, लेकिन उनका अब तक कोई पता नहीं चल सका है।

थाना प्रभारी ने क्या बताया?

इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया कि यह हादसा गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ। घटना से पहले क्षेत्र में करीब एक घंटे तक लगातार तेज बारिश हुई थी, जिससे पुलिया पर पानी का बहाव काफी बढ़ गया था। उन्होंने बताया कि गांव तक पहुंचने के लिए नया और सुरक्षित मार्ग पहले से मौजूद है, लेकिन संभवतः समय बचाने के लिए दोनों पुराने रास्ते से निकले, जहां उफनती पुलिया पार करने के दौरान यह हादसा हो गया।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनती पुलिया, नदी-नालों और जलभराव वाले रास्तों को पार करने का जोखिम न उठाएं। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों का संयुक्त सर्च ऑपरेशन जारी है और लापता सहायक सचिव की तलाश की जा रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन