जबलपुर। नशे के कारोबार पर लगातार सख्ती बरत रही जबलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 149 किलोग्राम गांजा को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया। विभिन्न एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामलों में जब्त किए गए इस मादक पदार्थ को कटनी स्थित सीमेंट फैक्ट्री में उच्च तापमान वाली भट्टी में जलाकर पूरी तरह नष्ट किया गया।
कोर्ट की अनुमति के बाद हुई कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त गांजा अलग-अलग मामलों में बरामद किया गया था। न्यायालय से आवश्यक अनुमति मिलने और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसे नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई। पूरी कार्रवाई ड्रग डिस्पोजल कमेटी, पुलिस अधिकारियों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।
कटनी की सीमेंट फैक्ट्री में किया गया डिस्पोजल
बता दें मादक पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण के लिए कटनी की सीमेंट फैक्ट्री का चयन किया गया, जहां अत्यधिक तापमान वाली भट्टी में गांजे को पूरी तरह जलाकर नष्ट किया गया। इस प्रक्रिया को पर्यावरणीय मानकों और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरा किया गया।
नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती जारी
वहीं जबलपुर पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ जब्त मादक पदार्थों का समय-समय पर विधिसम्मत निस्तारण भी किया जा रहा है, ताकि उनका दोबारा दुरुपयोग न हो सके।
युवाओं को नशे से बचाने पर फोकस
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को जागरूक करने और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

