बालाघाट: जिले के भरवेली थाना क्षेत्र के मरारीटोला में एक खेत के कुएं में जहरीली गैस के कारण एक किसान की मौत हो गई। मोटर निकालने उतरे दो अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए, जिनका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक की पहचान अशोक पिता मेहतर कावरे (45) के रूप में हुई है। घटना मंगलवार शाम की है।
भरवेली पंचायत के उपसरपंच राजेश बाहेश्वर ने बताया कि किसान लखन कावरे के खेत में बने कुएं में बारिश का पानी भर गया था। कुएं में लगी मोटर को निकालने के लिए गांव के युवराज मसखरे को बुलाया गया था। जैसे ही युवराज कुएं में उतरे, वे जहरीली गैस के प्रभाव में आकर गिर गए। उन्हें बचाने के लिए अशोक कावरे कुएं में उतरे, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आ गए।
यह भी पढ़ें-
कुएं में जहरीली गैस बनी काल, किसान की मौत; बचाने उतरे दो लोग भी गंभीर
इसके बाद अशोक कावरे के भतीजे नरेश कावरे ने दोनों को बचाने के लिए कुएं में प्रवेश किया। नरेश ने किसी तरह पहले युवराज और फिर अपने चाचा अशोक को बाहर निकाला। गंभीर हालत में अशोक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवराज और नरेश का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि डॉक्टर की तहरीर मिलने के बाद मृतक का शव बरामद किया गया। बुधवार को परिजनों की मौजूदगी में शव पंचनामा कार्रवाई के बाद अशोक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में मर्ग कायम कर डायरी अग्रिम जांच के लिए भरवेली थाना को भेजी जाएगी।

