मुंबई: सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का दूसरा टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। महज 57 सेकेंड का यह टीजर देश के विभाजन के दर्द, हिंसा और इंसानियत की सबसे भावुक तस्वीर पेश करता है। टीजर की शुरुआत आग की लपटों में घिरे एक नवजात बच्चे के झूले और उसकी दर्दभरी चीख से होती है, जो दर्शकों को झकझोर देती है। चारों ओर अफरा-तफरी, खून-खराबा, बिछड़ते परिवार और मौत का खौफ दिखाई देता है।
इसी अराजक माहौल के बीच सनी देओल एक ऐसे निडर किरदार में नजर आते हैं, जो नफरत के बीच उम्मीद की आखिरी किरण बनकर अपने परिवार और बेगुनाह लोगों की रक्षा के लिए हर खतरे से टकराता है। टीजर का सिनेमाई अंदाज, दमदार बैकग्राउंड स्कोर और भावनात्मक दृश्य कई दर्शकों को ‘गदर’ की याद भी दिला रहे हैं।
सुपरहिट जोड़ी की वापसी
बता दें ‘बंटवारा 1947’ भारत-पाकिस्तान विभाजन की उन दर्दनाक घटनाओं को बड़े पर्दे पर उतारने जा रही है, जिन्होंने लाखों परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी। फिल्म में सनी देओल के साथ शबाना आज़मी, प्रीति जिंटा, अली फज़ल, करण देओल और अभिमन्यु सिंह जैसे शानदार कलाकार नजर आएंगे। करीब तीन दशक बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर साथ आई है, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है।
फिल्म का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है। ए.आर. रहमान का संगीत और जावेद अख्तर के गीत इस पीरियड ड्रामा को और भी भव्य बनाते हैं। 14 अगस्त 2026 यानी पार्टिशन डे के अवसर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही यह फिल्म इतिहास, भावनाओं और देशभक्ति का एक यादगार सिनेमाई अनुभव देने का दावा कर रही है।

