इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां शादी के महज तीन महीने बाद एक 27 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना एरोड्रम थाना क्षेत्र के पटेल नगर की है। मृतक की पहचान अभिषेक चौहान के रूप में हुई है, जो एयरपोर्ट पर टैक्सी चालक के रूप में काम करता था।
पुलिस के अनुसार, युवक को उसकी पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई प्रताड़ना की शिकायत के सिलसिले में मंगलवार को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। पूछताछ के बाद वह घर लौटा, लेकिन देर रात अपने कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का आरोप है कि थाने में अभिषेक को कड़ी फटकार लगाई गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। घर लौटने के बाद उसने किसी से ज्यादा बातचीत नहीं की और अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब परिजन उसे खाना देने पहुंचे तो दरवाजा नहीं खुला। खिड़की से देखने पर वह फंदे पर लटका मिला। हालांकि, पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। इसलिए आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
लव मैरिज के तीन महीने बाद रिश्ते में बढ़ा तनाव
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक और साधना नामदेव की मुलाकात एयरपोर्ट के टैक्सी काउंटर पर हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और मई 2026 में उन्होंने प्रेम विवाह कर लिया। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद साधना लगातार अभिषेक पर संयुक्त परिवार छोड़कर उसके मायके के पास किराए के मकान में रहने का दबाव बना रही थी, जबकि अभिषेक अपने माता-पिता से अलग होने के लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया।
वहीं, दूसरी ओर पत्नी ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया था कि अभिषेक उसे घुमाने के बहाने ले गया, उसके साथ मारपीट की और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। उसने दहेज प्रताड़ना से जुड़े आरोप भी लगाए थे। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान, परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

