ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। महाराजपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाली साक्षी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, साक्षी की शादी करीब 14 महीने पहले गजेंद्र सिंह से हुई थी, जो एमईएस (MES) में जूनियर इंजीनियर हैं। गजेंद्र मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले हैं और वर्तमान में ग्वालियर के डीडी नगर में निवास करते हैं।
यह भी पढ़ें-
MP विधानसभा में दिल्ली के छात्र आंदोलन की गूंज! सदन से सड़क तक सियासी संग्राम
मृतका के भाई विमल कुमार का आरोप है कि शादी के बाद से ही साक्षी पर दहेज के लिए लगातार दबाव बनाया जाता था। उन्होंने दावा किया कि शादी में करीब 45 लाख रुपये खर्च किए गए थे और 10 लाख रुपये के जेवर भी दिए गए थे, इसके बावजूद ससुराल पक्ष स्कॉर्पियो कार की मांग कर रहा था।
मौत से पहले भाई को किया था फोन, कहा- ‘मुझे बचा लो’
मामले को लेकर परिजनों का कहना है कि घटना से कुछ घंटे पहले साक्षी ने अपने भाई को फोन कर मदद की गुहार लगाई थी और कहा था, “मुझे बचा लो।”
आरोप है कि इसके बाद उसकी गला घोंटकर हत्या की गई और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। परिवार का यह भी कहना है कि ससुराल पक्ष ने उन्हें साक्षी की मौत की सूचना तक नहीं दी। उन्हें घटना की जानकारी परिचितों के माध्यम से मिली।
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच महाराजपुरा थाना पुलिस कर रही है।

