जम्मू-कश्मीर: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को आतंकियों ने एक बार फिर नागरिकों को निशाना बनाते हुए हमला किया है। आतंकवादियों ने ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे प्रवासी मजदूरों के बीच पहुंचकर उनके नाम पूछे और दो हिंदू मजदूरों को अलग कर गोली मार दी। हमले में दोनों मजदूरों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 24 वर्षीय दीपक रात्रे और 28 वर्षीय भूपेंद्र, दोनों निवासी छत्तीसगढ़, के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार यह हमला कुलगाम से करीब 20 किलोमीटर दूर केलाम इलाके में हुआ, जहां आतंकियों ने 3 से 4 राउंड फायरिंग की।
नाम पूछकर बनाया निशाना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय ईंट-भट्ठे पर कई प्रवासी मजदूर मौजूद थे, लेकिन हिंदू मजदूर केवल यही दो थे। आतंकियों ने पहले उनकी पहचान सुनिश्चित की और फिर उन्हें समूह से अलग कर गोली मार दी। एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
इलाके की घेराबंदी, सर्च ऑपरेशन जारी
हमले की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच की जा रही है और हमलावरों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पाकिस्तानी आतंकी के शामिल होने की आशंका
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियों को संदेह है कि हमले में एक स्थानीय और एक पाकिस्तानी आतंकी शामिल हो सकता है। शुरुआती जांच में मोहम्मद लतीफ का नाम सामने आया है, जिसके पिछले वर्ष लश्कर-ए-तैयबा/द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से जुड़ने की जानकारी मिली है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
10 दिन पहले भी हुआ था आतंकी हमला
इससे पहले 21 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक इलाके में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर आतंकियों ने हमला किया था। जवाबी कार्रवाई के दौरान हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लगातार हो रहे आतंकी हमलों के बाद घाटी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे शामिल आतंकियों और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।

