रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही CID और रांची पुलिस ने सोमवार को बड़ा अभियान चलाया। जांच एजेंसियों ने झारखंड और बिहार में एक साथ 20 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की।
कई जिलों में पहुंची जांच टीम
CID की कार्रवाई झारखंड के रांची, धनबाद, हजारीबाग, पलामू समेत कई जिलों में की गई। इसके अलावा बिहार के कुछ ठिकानों पर भी जांच एजेंसी ने दबिश दी। छापेमारी के दौरान कई कोचिंग संस्थानों और संदिग्ध लोगों के ठिकानों की तलाशी ली गई।
ये भी पढ़े
छत्रपति संभाजीनगर में होगी CJP की 2 दिवसीय स्ट्रेटेजी मीटिंग
आरोपी से पूछताछ के बाद मिले इनपुट पर कार्रवाई
जांच एजेंसी के मुताबिक, JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में आरोपी अभय तिवारी से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। CID टीम मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
कई कोचिंग संस्थान जांच के घेरे में
छापेमारी के दायरे में Shubhangan Ki Pathshala और Patanjali IAS Teacher समेत कई कोचिंग संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा रांची के नामकुम, धुर्वा और अन्य इलाकों में भी CID की टीमें जांच कर रही हैं। जांच एजेंसी ने नामकुम निवासी आदित्य पांडेय के घर पर भी छापेमारी की।
पलामू में कोचिंग संचालक की तलाश
वहीं, पलामू में कोचिंग संचालक शिक्षक रवि के आवास पर भी CID ने कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि छापेमारी की जानकारी मिलने के बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और वह फिलहाल फरार है।
CID उसकी तलाश में जुटी हुई है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रह सकती है।

