भोपाल: दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की अप्रत्याशित हार के बाद प्रदेश भाजपा संगठन बड़े संगठनात्मक बदलाव की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, दतिया भाजपा की मौजूदा जिला कार्यकारिणी को भंग कर नए जिलाध्यक्ष सहित पूरी टीम के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। माना जा रहा है कि एक-दो दिन में नई कार्यकारिणी की घोषणा की जा सकती है। इस बदलाव को पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के संगठनात्मक प्रभाव को सीमित करने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि, उपचुनाव की समीक्षा में यह सामने आया कि जिला संगठन अपेक्षित एकजुटता के साथ चुनाव नहीं लड़ पाया। कई पदाधिकारियों पर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में सक्रियता नहीं दिखाने और चुनावी अभियान को कमजोर करने के आरोप लगे हैं। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने अभी तक किसी भी पदाधिकारी को आधिकारिक रूप से दोषी नहीं ठहराया है, लेकिन समीक्षा के आधार पर संगठनात्मक बदलाव की तैयारी तेज हो गई है।
ये भी पढ़े
दतिया हार पर भाजपा की समीक्षा बैठक, भोपाल में होगा मंथन
दतिया उपचुनाव में टिकट वितरण के समय ही संगठन के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया था। नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद जिला अध्यक्ष समेत कई पदाधिकारियों ने खुलकर विरोध किया था। विरोध प्रदर्शन और चक्काजाम जैसी घटनाओं ने पार्टी नेतृत्व को असहज किया था। अब उपचुनाव में मिली हार के बाद इन्हीं घटनाओं को संगठनात्मक अनुशासन के नजरिए से देखा जा रहा है।
उधर, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी चुनाव परिणाम के बाद सार्वजनिक रूप से भितरघात के संकेत दे चुके हैं। उन्होंने कहा है कि वह पूरे मामले की जानकारी संगठन को देंगे। इसके बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी स्पष्ट कर चुके हैं कि समीक्षा पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई केवल दतिया तक सीमित नहीं रहेगी। प्रदेश संगठन ऐसे जिला संगठनों की भी समीक्षा कर रहा है, जहां संगठन से अधिक किसी मंत्री, सांसद या विधायक विशेष के प्रभाव में काम करने की शिकायतें मिली हैं। माना जा रहा है कि दतिया के बाद दर्जनभर जिलों में भी संगठनात्मक फेरबदल किया जा सकता है। भाजपा नेतृत्व का उद्देश्य संगठन में अनुशासन, जवाबदेही और व्यक्ति आधारित राजनीति के बजाय संगठन आधारित कार्यसंस्कृति को मजबूत करना बताया जा रहा है।
दतिया से ही क्यों शुरू हो सकती है कार्रवाई?
-उपचुनाव में भाजपा की अप्रत्याशित हार।
-टिकट बदलने के फैसले का जिला संगठन द्वारा खुला विरोध।
-चुनाव प्रचार में अपेक्षित सक्रियता नहीं रहने की शिकायतें।
-संवेदनशील बूथों के मतदान पैटर्न की अलग से समीक्षा।
-अनुशासन को लेकर प्रदेश नेतृत्व का सख्त रुख।
नरोत्तम मिश्रा खेमे पर क्यों है नजर?
सूत्रों के अनुसार, टिकट कटने के बाद नरोत्तम मिश्रा समर्थकों की नाराजगी चुनाव तक बनी रही। संगठन को लगातार ऐसी शिकायतें मिलीं कि कुछ स्थानीय पदाधिकारी चुनाव अभियान में पूरी सक्रियता से नहीं जुटे। इसी वजह से संगठनात्मक समीक्षा में इस पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सिर्फ दतिया नहीं, कई जिलाध्यक्ष भी रडार पर
प्रदेश भाजपा ऐसे जिला संगठनों की सूची तैयार कर रही है, जहां व्यक्तिगत निष्ठा संगठनात्मक अनुशासन पर भारी पड़ने की शिकायतें मिली हैं। संकेत हैं कि दतिया के बाद प्रदेश के करीब एक दर्जन जिलों में भी संगठनात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

