गाजियाबाद: सावन की कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10 अगस्त को गाजियाबाद पहुंचकर शिवभक्त कांवड़ियों का हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर स्वागत करेंगे। इसके लिए जिले में दो प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को अंजाम दिया जाएगा।
दो स्थानों पर होगी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा
जिला प्रशासन के अनुसार, मुख्यमंत्री के पुष्पवर्षा कार्यक्रम के लिए पहला स्थान श्री दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर तय किया गया है। यहां बड़ी संख्या में कांवड़िए जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। वहीं दूसरा स्थान मुरादनगर गंग नहर स्थित कांवड़ मार्ग चुना गया है। इस मार्ग से गुजरने वाले शिवभक्तों पर भी हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए जाएंगे।
ये भी पढ़े
15 अगस्त से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, लाल किले की सुरक्षा हुई और सख्त
प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, अग्निशमन विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।
पहले भी गाजियाबाद में हो चुकी है पुष्पवर्षा
गाजियाबाद मुख्यमंत्री के कांवड़ यात्रा पुष्पवर्षा कार्यक्रम का अहम केंद्र रहा है। इससे पहले भी यहां हेलीकॉप्टर से शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की जा चुकी है। वहीं, पिछले वर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ पहुंचकर कांवड़ियों का स्वागत किया था। इस बार भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कांवड़ यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनेगा कार्यक्रम
प्रशासन का मानना है कि हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा का यह कार्यक्रम कांवड़ यात्रा की भव्यता को और बढ़ाएगा। लाखों शिवभक्तों के बीच यह स्वागत कार्यक्रम एक विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

