दतिया: दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद पार्टी के भीतर कथित भितरघात और मतभेदों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पहली बार सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के साथ अपने संबंधों को लेकर फैलाई जा रही अटकलों को पूरी तरह निराधार बताया।
डॉ. मिश्रा ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा कि आशुतोष तिवारी उनके अनुज हैं और उनके प्रति हमेशा स्नेह तथा आत्मीयता का भाव रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों के रिश्ते पारिवारिक हैं और उनके बीच कभी किसी प्रकार की कटुता नहीं रही। भविष्य में भी ऐसे किसी मतभेद का सवाल ही नहीं उठता।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बुधवार को उनकी और आशुतोष तिवारी की मुलाकात पहले की तरह आत्मीय वातावरण में हुई। ऐसे में सोशल मीडिया पर दोनों के संबंधों को लेकर फैलाई जा रही बातें भ्रामक और तथ्यहीन हैं।
गौरतलब है कि दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद पार्टी के भीतर कथित भितरघात और नाराजगी को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आई थीं। इन्हीं चर्चाओं के बीच डॉ. नरोत्तम मिश्रा का यह बयान सामने आया है।
नरोत्तम का यह बयान केवल व्यक्तिगत स्पष्टीकरण नहीं, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए भी एक संदेश है। इसे संगठन के भीतर मतभेदों की चर्चाओं को शांत करने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।

