भोपाल: मध्य प्रदेश के रेलवे स्टेशनों पर बेसहारा, लावारिस और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने एक महीने तक विशेष अभियान चलाया। ‘ऑपरेशन हमदर्द’ के तहत भोपाल, इंदौर और जबलपुर रेलवे यूनिट्स ने स्टेशन परिसरों में भटक रहे लोगों की पहचान कर उन्हें जरूरी सहायता उपलब्ध कराई।
ADG रेलवे राजा बाबू सिंह के निर्देश पर यह विशेष अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तक चलाया गया। इस दौरान कुल 2,057 बेसहारा और जरूरतमंद लोगों की पहचान की गई। इनमें महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और अन्य जरूरतमंद लोग शामिल रहे। अभियान के दौरान कई बिछड़े हुए नाबालिगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके परिवारों से मिलाया गया।
अभियान में 1,556 पुरुष और 404 महिलाएं मिलीं
GRP के आंकड़ों के मुताबिक, अभियान के दौरान मिले 2,057 लोगों में 1,556 पुरुष, 404 महिलाएं, 39 लड़कियां, 56 लड़के और 2 ट्रांसजेंडर शामिल थे।
ये भी पढ़े
बालाघाट नगर पालिका ने विभिन्न मशीनों की खरीदी के लिए ऑनलाइन निविदाएं कीं जारी
पुलिस ने इनमें से 159 लोगों को उनके परिवारों से दोबारा मिलाया, जबकि 39 बेसहारा लोगों को सुरक्षित शेल्टर होम और नाइट शेल्टर में पहुंचाया गया। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आश्रय और भोजन जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना था।
काउंसलिंग और पुनर्वास पर दिया गया जोर
‘ऑपरेशन हमदर्द’ के तहत केवल बेसहारा लोगों की पहचान ही नहीं की गई, बल्कि उनकी काउंसलिंग और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया गया। GRP अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान ऐसे कई नाबालिग मिले जो अपने परिवार से बिछड़ गए थे। कुछ मामलों में बच्चों के अपहरण से जुड़े मामले भी सामने आए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया।
पीपुल्स यूनिवर्सिटी में हुआ अभियान का समापन
एक महीने तक चले इस अभियान का समापन शुक्रवार को पीपुल्स यूनिवर्सिटी के सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम में भोपाल की मेयर मालती राय, पुलिस कमिश्नर संजय कुमार, यूनिवर्सिटी के कुलपति हरीश राव, एसपी रेल इंदौर यशपाल सिंह राजपूत, एसपी रेल भोपाल अंकित जायसवाल और वक्ता डॉ. रोहित त्रिवेदी समेत कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अभियान के जरिए रेलवे स्टेशनों पर बेसहारा और जरूरतमंद लोगों तक पुलिस की पहुंच बनाने के साथ उन्हें उनके परिवारों और सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

