नई दिल्ली | मानसून सत्र के अंतिम दिनों में संसद के भीतर और बाहर विपक्षी सांसदों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के चलते कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी। कांग्रेस समेत विपक्षी दल छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई और अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में सरकार से जवाब की मांग कर रहे हैं।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि जब तक गृह मंत्री अमित शाह छात्र प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के मामले में संसद के अंदर बयान नहीं देते, तब तक सदन में गतिरोध जारी रहेगा। विपक्ष का कहना है कि सरकार को छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
लोकसभा-राज्यसभा में नारेबाजी, कार्यवाही स्थगित
सोमवार सुबह संसद की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। लोकसभा की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक स्थगित की गई। वहीं राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जिसके बाद सदन की कार्यवाही भी स्थगित करनी पड़ी।
विपक्षी सांसदों ने सदन में ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए। बाद में लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी सांसद अखिलेश यादव ने छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार बताए कि प्रदर्शनकारियों पर लाठियां क्यों चलाई गईं, आंसू गैस के गोले क्यों दागे गए और बिजली के झटके देने की शिकायतों पर जवाब क्यों नहीं दिया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने FCRA संशोधन विधेयक को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संस्थानों पर नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस ने सांसदों को जारी किया व्हिप
मानसून सत्र के अंतिम चरण को देखते हुए कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा के अपने सांसदों को 10, 11 और 12 अगस्त को सदन में मौजूद रहने के लिए व्हिप जारी किया है। पार्टी ने INDIA ब्लॉक के सहयोगी दलों से भी इन तीन दिनों में अपने सांसदों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की है।
चार दिन बाकी, अहम विधेयकों पर नजर
संसद का मानसून सत्र समाप्त होने में अब केवल चार दिन बाकी हैं। इस बीच महिला आरक्षण, परिसीमन और FCRA संशोधन विधेयकों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। सोमवार के लोकसभा बिजनेस में इनमें से किसी भी विधेयक को शामिल नहीं किया गया है।
वहीं, 11 अगस्त को NDA संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक संसद की पीएलबी बिल्डिंग में आयोजित की जाएगी।

