भोपाल: राजधानी भोपाल के बड़े तालाब में गुरुवार को अनोखी नौका तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होने वाली इस यात्रा की शुरुआत सुबह 11 बजे होगी। आयोजन में 100 से ज्यादा नावों पर सवार युवा हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर तिरंगा यात्रा का हिस्सा बनेंगे।
यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को मंत्री विश्वास सारंग ने बोट क्लब पहुंचकर आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से नावों के संचालन समेत सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
मंत्री विश्वास सारंग ने अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और नावों के सुरक्षित संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इसके साथ ही गोताखोरों और SDRF की तैनाती, पार्किंग, साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आयोजकों के मुताबिक, नौका तिरंगा यात्रा में हजारों देशभक्त नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है। विभिन्न नावों पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ युवा और अन्य प्रतिभागी यात्रा में शामिल होंगे।
बड़े तालाब में दिखेगा तिरंगे का नजारा
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। भोपाल के बड़े तालाब की प्राकृतिक सुंदरता के बीच होने वाली नौका तिरंगा यात्रा शहर के लिए खास आकर्षण का केंद्र होगी। बड़े तालाब के जल क्षेत्र में तिरंगे से सजी नावों का नजारा देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रदर्शित करेगा।
युवा, खिलाड़ी और सामाजिक संगठन होंगे शामिल
नौका तिरंगा यात्रा में युवाओं के साथ खिलाड़ी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी हिस्सा लेंगे। 100 से ज्यादा नावों के जरिए राष्ट्रीय ध्वज के साथ यात्रा निकाली जाएगी। निरीक्षण के दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष रविंद्र यती समेत संबंधित अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

