भोपाल: बालाघाट जिले के बिरसा क्षेत्र में दूषित पानी और संक्रमण से बीमार पड़ रहे बच्चों की मौत को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने चिंता जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर पूरे मामले की राज्य स्तरीय जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में दावा किया है कि पिछले एक सप्ताह में बिरसा क्षेत्र में 11 आदिवासी बच्चों की मौत हुई है। हालांकि, उनके अनुसार जिला प्रशासन ने अब तक सात बच्चों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने यह भी दावा किया कि बालाघाट जिला अस्पताल में 100 से अधिक बच्चों को भर्ती कराया गया है, जिनमें 40 से 50 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दूषित पानी और संक्रमण से बीमारी का दावा
दिग्विजय सिंह के मुताबिक, बिरसा विकासखंड के कई गांवों में दूषित पानी और संक्रमण से जुड़ी बीमारियों का असर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मलेरिया, निमोनिया, सर्दी-खांसी और त्वचा संबंधी बीमारियों के मामले सामने आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रभावित गांव जिला मुख्यालय बालाघाट से करीब 100 किलोमीटर दूर हैं। उनके अनुसार बोंदारी, कुंडेकसा, कोरका और आसपास के टोले-मजरों में पिछले कई दिनों से बड़ी संख्या में बच्चे तेज बुखार से पीड़ित हैं।
बच्चों की मौत को लेकर प्रशासन पर सवाल
दिग्विजय सिंह ने पत्र में आदिवासी नेता शुभम उईके के हवाले से कहा कि बालाघाट जिला अस्पताल का बच्चा वार्ड बीमार बच्चों से भरा हुआ है। उन्होंने कुछ मृत बच्चों के नामों का भी उल्लेख किया और कहा कि कई आदिवासी परिवारों पर इस बीमारी के चलते गंभीर संकट आया है।
उन्होंने यह भी बताया कि बिरसा विधायक संजय उइके ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर बीमार बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजने की पहल की है। वहीं बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे ने भी अस्पताल पहुंचकर बच्चों के इलाज को लेकर सिविल सर्जन से चर्चा की है।
‘गंभीर लापरवाही का परिणाम’
दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में विश्व आदिवासी दिवस मनाया, लेकिन दूसरी ओर विशेष पिछड़ी जनजाति में शामिल बैगा आदिवासी परिवार बीमारी और बच्चों की मौत से जूझ रहे हैं।
उन्होंने इसे गंभीर प्रशासनिक और विभागीय लापरवाही का परिणाम बताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। साथ ही ‘हर घर नल से जल’ योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पेयजल व्यवस्था के बावजूद आदिवासी क्षेत्रों में दूषित पानी की समस्या बनी हुई है, तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री और अधिकारियों को प्रभावित गांवों में भेजने की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि स्वास्थ्य मंत्री और प्रमुख सचिव को चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ प्रभावित गांवों का दौरा करने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने गांवों में मेडिकल टीम के साथ स्वास्थ्य शिविर लगाने की भी मांग की है, ताकि बीमार बच्चों को तत्काल उपचार मिल सके।
मृत बच्चों के परिवारों को 10 लाख रुपये की सहायता की मांग
दिग्विजय सिंह ने प्रत्येक मृत बच्चे के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुख्यमंत्री सहायता कोष से देने की मांग की है। इसके अलावा गंभीर रूप से बीमार बच्चों को जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट कर नागपुर, रायपुर या भोपाल के बड़े अस्पतालों में भर्ती कराने और उनके इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा उठाने की मांग भी की है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर प्रभावित परिवारों को राहत और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की है।

