Saturday, November 14, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsMeta का बड़ा एक्शन: ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के...

Meta का बड़ा एक्शन: ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के 7.56 लाख अकाउंट्स बंद

ऑस्ट्रेलिया: 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर लागू प्रतिबंध के बाद फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी Meta ने बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी के मुताबिक, दिसंबर में सोशल मीडिया बैन लागू होने से जून तक उसने 7.56 लाख संदिग्ध अंडरएज अकाउंट्स को डीएक्टिवेट किया है। इनमें इंस्टाग्राम के 4.62 लाख और फेसबुक के 2.94 लाख अकाउंट शामिल हैं।

Meta का कहना है कि वह ऑस्ट्रेलियाई कानून के तहत अपनी जिम्मेदारियों का पालन कर रही है और नाबालिग यूजर्स की पहचान कर उनके अकाउंट्स पर कार्रवाई जारी रखेगी।

इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा अकाउंट्स हुए बंद

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, जून तक डीएक्टिवेट किए गए संदिग्ध अकाउंट्स में इंस्टाग्राम के 4,62,000 और फेसबुक के 2,94,000 अकाउंट शामिल हैं। जनवरी तक यह संख्या काफी कम थी। उस समय इंस्टाग्राम के करीब 3.31 लाख और फेसबुक के 1.73 लाख संदिग्ध अकाउंट्स डीएक्टिवेट किए गए थे।

16 साल से कम उम्र वालों के लिए सोशल मीडिया पर रोक

ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के बच्चों और किशोरों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रतिबंध लागू किया गया है। सरकार का उद्देश्य सोशल मीडिया के संभावित शारीरिक और मानसिक प्रभावों से बच्चों की सुरक्षा करना है। इसे दुनिया के प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लागू होने वाला पहला ऐसा कानून माना जा रहा है, जिसमें इस तरह की उम्र सीमा तय की गई है।

हालांकि, Meta समेत कई सोशल मीडिया कंपनियों ने कानून का पहले विरोध किया था। अब कंपनी का कहना है कि वह कानून के तहत अपनी जिम्मेदारियां पूरी कर रही है और युवाओं को सुरक्षित एवं उम्र के अनुरूप ऑनलाइन अनुभव देने के लक्ष्य का समर्थन करती है।

AI से ऐसे पकड़े जा रहे अंडरएज यूजर्स

Meta ने बताया कि नाबालिग यूजर्स की पहचान के लिए वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और प्रोफाइल से जुड़े संकेतों का इस्तेमाल कर रही है। सिस्टम ऐसे संदर्भों का विश्लेषण करता है, जिनसे यह पता चल सके कि कोई यूजर 16 साल से कम उम्र का हो सकता है।

इसके लिए प्रोफाइल में जन्मदिन, स्कूल ग्रेड या अन्य उम्र संबंधी जानकारी जैसे संकेतों का विश्लेषण किया जा सकता है। यूजर्स द्वारा किए गए रिपोर्ट्स को भी जांच प्रक्रिया में शामिल किया जाता है।

डिलीट अकाउंट दोबारा बनाने पर भी रोक

Meta ने संदिग्ध अंडरएज अकाउंट्स को डीएक्टिवेट करने के साथ दोबारा अकाउंट बनाने की कोशिशों पर भी रोक लगाने की व्यवस्था की है। यानी यदि किसी यूजर का अकाउंट उम्र सीमा के उल्लंघन के कारण हटाया गया है, तो उसके नए अकाउंट के जरिए दोबारा प्लेटफॉर्म पर लौटने की कोशिश को भी रोका जा सकता है।

कंपनियों पर बढ़ा कानूनी दबाव

ऑस्ट्रेलिया का इंटरनेट रेगुलेटर उन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ कार्रवाई पर विचार कर रहा है, जिनके बारे में माना जाता है कि उन्होंने उम्र संबंधी कानून का पर्याप्त पालन नहीं किया। सरकार ने कानून तोड़ने पर अधिकतम जुर्माना बढ़ाकर 99 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर कर दिया है।

इस मामले में Meta, TikTok, YouTube की पैरेंट कंपनी Google और Snapchat की पैरेंट कंपनी Snap के प्रतिनिधियों की संसदीय सुनवाई भी होनी है। इसमें यह जांचा जाएगा कि प्लेटफॉर्म्स उम्र प्रतिबंधों को कितनी प्रभावी तरीके से लागू कर रहे हैं और नाबालिग यूजर्स की पहचान में AI और अन्य तकनीक कितनी कारगर साबित हो रही हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन