Saturday, November 14, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल में 32 KM की तिरंगा यात्रा, CM बोले- भारत दुश्मन...

भोपाल में 32 KM की तिरंगा यात्रा, CM बोले- भारत दुश्मन के घर में घुसकर जवाब देने में सक्षम

भोपाल: राजधानी भोपाल में शुक्रवार को ‘कर्मश्री’ की ओर से 32 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। कोलार से संत नगर तक निकली इस यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधायक रामेश्वर शर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। यात्रा में राष्ट्रभक्ति के साथ अखंड भारत, युवाओं की भूमिका और नशामुक्ति का संदेश दिया गया।

सीएम बोले- भारत ने अपनी ताकत साबित की

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत अब इतना मजबूत हो चुका है कि दुश्मनों से निपटने के लिए उनकी सीमा में जाकर कार्रवाई करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि भारत ने दुश्मन के इलाके में कार्रवाई करने का सामर्थ्य दिखाया है।

सीएम ने कहा कि तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़ से ऐसा लग रहा है कि पूरा भोपाल सड़कों पर उतर आया है। युवा शक्ति तिरंगे के साथ देश के सम्मान और स्वाभिमान को नई ऊंचाई देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

रामेश्वर शर्मा बोले- लाहौर और ढाका में फहराएंगे तिरंगा

विधायक रामेश्वर शर्मा ने अखंड भारत का संकल्प दोहराते हुए कहा कि भारत ने अपने पुराने हिस्सों लाहौर, ढाका और कराची को नहीं भुलाया है। उन्होंने कहा कि आज नहीं तो कल लाहौर और ढाका में तिरंगा फहराया जाएगा और वंदे मातरम् गाया जाएगा।

उन्होंने युवाओं से संविधान, लोकतंत्र, राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के प्रति सजग रहने की अपील की।

पाकिस्तान पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने विभाजन के दर्द का जिक्र करते हुए पाकिस्तान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंटवारे के समय लाखों लोग विस्थापित हुए और करोड़ों लोगों को अपना सब कुछ छोड़ना पड़ा। सीएम ने कहा कि आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं और भारत लगातार अपनी ताकत बढ़ा रहा है।

युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

रामेश्वर शर्मा ने युवाओं में स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों जैसा जज्बा पैदा करने की अपील की। उन्होंने खुदीराम बोस, अशफाक उल्ला खान, रानी लक्ष्मीबाई, मंगल पांडे और भगत सिंह के बलिदान का उल्लेख किया।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि देश की जवानी नशामुक्त होनी चाहिए। यात्रा के सेल्फी पॉइंट पर भी ‘Gen-Z Against Addiction’ और ‘नशा मुक्त युवा’ जैसे संदेश प्रदर्शित किए गए।

32 किमी रूट पर दिखा तिरंगों का सैलाब

तिरंगा यात्रा कोलार सिक्स लेन स्थित मदर टेरेसा स्कूल के सामने से शुरू होकर संत नगर के भैंसाखेड़ी मंडी तक पहुंची। आयोजकों के अनुसार, करीब 32 किलोमीटर लंबे रूट पर एक लाख लोग शामिल हुए। यात्रा के लिए करीब 50 हजार वाहनों का पंजीयन हुआ था और मार्ग में 1100 से अधिक स्वागत मंच बनाए गए थे।

2027 को युवा वर्ष बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और मध्यप्रदेश में भी बड़ी युवा आबादी है। उन्होंने बताया कि सरकार युवा, महिला, किसान और गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है। 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की दिशा में भी तैयारी की जा रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन