नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सावरकर से जुड़े मानहानि मामले में बड़ी राहत दी। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज आपराधिक शिकायत और निचली अदालत की ओर से जारी समन को खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि मामले में अभियोजन के लिए जरूरी मंजूरी नहीं ली गई थी।
कोर्ट ने कहा- जरूरी मंजूरी का खुलासा नहीं
सुनवाई के दौरान पीठ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दाखिल हलफनामे में आवश्यक मंजूरी से संबंधित जानकारी सामने नहीं आई। इसी आधार पर मजिस्ट्रेट की ओर से पारित आदेश और आगे की कार्यवाही को रद्द कर दिया गया।
2022 की टिप्पणी से जुड़ा था मामला
यह मामला राहुल गांधी की 17 नवंबर 2022 को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान महाराष्ट्र के अकोला में की गई टिप्पणी से जुड़ा था। उनके बयान को लेकर अधिवक्ता नृपेंद्र पांडे ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने जानबूझकर सावरकर का अपमान किया और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की।
हाईकोर्ट के आदेश को दी थी चुनौती
राहुल गांधी ने निचली अदालत द्वारा जारी समन और अपने खिलाफ चल रही कार्यवाही को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। इससे पहले 4 अप्रैल 2025 को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने उन्हें सत्र न्यायालय में पुनरीक्षण याचिका दाखिल करने की बात कही थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने आवश्यक मंजूरी के अभाव में शिकायत और समन दोनों को खारिज कर दिया है।

