भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने रविवार को भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्र अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर शौय स्मारक के पास स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी विराट व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने आजादी के पहले और आजादी के बाद देश तथा नई पीढ़ी के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
अटल जी के सपनों का सशक्त भारत बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी उनके विचारों को आगे बढ़ा रहे हैं। अटल जी ने लोकतंत्र, राष्ट्रवाद और सुशासन को नई दिशा दी, उनका जीवन सदैव हम सभी को प्रेरणा देता रहेगा। श्रद्धेय अटल जी ने साहित्य, पत्रकारिता, राजनेता, कुशल प्रचारक, प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता के रूप में उनकी भूमिका अभूतपूर्व रही। अटल जी ने 24 दलों के साथ सहमति, संवाद और विश्वास के आधार पर गठबंधन सरकार चलाकर लोकतंत्र में एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया।
अटल जी के राष्ट्रसेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के आदर्शों से विकसित भारत की नींव मजबूत हो रही
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। जब भारत-पाकिस्तान के बीच बांग्लादेश के घटनाक्रम चल रहे थे, तब विपक्ष के नेता होने के बावजूद उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी के साथ कदम से कदम मिलाकर देशहित और लोकतांत्रिक भावना का परिचय दिया। अटल जी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में हिंदी में भाषण देकर विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ाया। विदेश मंत्री के रूप में उन्होंने भारत की विदेश नीति को नई दिशा दी।
पाकिस्तान के साथ संवाद की पहल कर उन्होंने शांति और सद्भाव का संदेश दिया, वहीं पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाने का साहसिक निर्णय लिया। कारगिल युद्ध के दौरान अटल जी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने अदम्य पराक्रम का परिचय दिया। पाकिस्तान की घुसपैठ का दृढ़ता से जवाब दिया। युद्ध के दौरान भी अटल जी ने भारतीय संस्कृति की उदारता और मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए पाकिस्तानी सैनिकों के शवों को सम्मानपूर्वक दफनाने की व्यवस्था कराई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और स्वर्णिम चतुर्भुज योजना अटल जी की दूरदृष्टि और विकास की सोच के सशक्त उदाहरण हैं। इन योजनाओं ने देश में सड़क, संपर्क और आर्थिक विकास को नई गति दी। अटल जी ने अपने दृढ़ निर्णयों और दूरदर्शी नीतियों से आधुनिक भारत के विकास की मजबूत आधारशिला रखी। आज उसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प को साकार कर रहे हैं।
अटल जी के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्रसेवा का संकल्प लें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए यह गौरव की बात है कि अटल बिहारी वाजपेयी पार्टी के पहले ऐसे नेता थे, जिन्होंने तीन बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व किया। उन्होंने 24 दलों को साथ लेकर सहमति, संवाद और विश्वास के आधार पर गठबंधन सरकार चलाकर भारतीय लोकतंत्र में एक नई मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि अटल जी ने भारतीय जनता पार्टी को एक पौधे के रूप में रोपा था, जिसे उनके विचारों, कार्यकर्ताओं के परिश्रम और राष्ट्रसेवा के संकल्प ने आज विशाल वटवृक्ष बना दिया है।
आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में देश की सेवा कर रही है। यह अटल जी की दूरदृष्टि और उनके विचारों की शक्ति का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी अटल जी के विचारों और उनके सपनों को साकार करते हुए भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। अटल जी का सपना था कि भारत सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विश्व का मार्गदर्शन करने वाला राष्ट्र बने। आज देश उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन लोकतंत्र, राष्ट्रवाद, सुशासन, उदारता, संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा का आदर्श है। हमें उनके जीवन और विचारों को केवल स्मरण ही नहीं करना है, बल्कि उन्हें अपने आचरण में उतारना है।
इस दौरान सांसद श्री आलोक शर्मा, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, श्री भगवानदास सबनानी, महापौर श्रीमती मालती राय, प्रदेश महामंत्री श्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष श्री रविंद्र यति सहित जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

