मुंबई: अभिनेता रणवीर सिंह ने अपनी अगली फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग रविवार से मुंबई में शुरू कर दी है। मेकर्स के मुताबिक, यह फिल्म दुनिया के अंत के संकट की पृष्ठभूमि पर बनी एक्शन थ्रिलर होगी। कहानी मुंबई शहर में होने वाली तबाही के बीच इंसानी जिंदगी को बचाने की जद्दोजहद पर केंद्रित रहेगी।
फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका निभाने के साथ को-प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। उनके साथ साउथ की अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
मुंबई और आसपास की रियल लोकेशन्स पर शूटिंग
फिल्म का निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं, जिन्हें ‘स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी’ और ‘लुटेरे’ जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए जाना जाता है। फिल्म को ज्यादा वास्तविक और प्रभावी बनाने के लिए इसकी शूटिंग मुंबई और आसपास की वास्तविक लोकेशन्स पर की जा रही है।
मेकर्स के अनुसार, शूटिंग शुरू होने से पहले फिल्म की टीम ने कई महीनों तक तकनीकी प्री-प्रोडक्शन पर काम किया। एक्शन और तबाही के दृश्यों को वास्तविक रूप देने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी की गई है।
पहली बार साथ नजर आएंगे रणवीर और कल्याणी
‘प्रलय’ में रणवीर सिंह और कल्याणी प्रियदर्शन पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे। कल्याणी को हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘लोका’ के लिए दर्शकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी।
वहीं, जय मेहता इस बड़े बजट की एक्शन थ्रिलर का निर्देशन कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण बिड़ला स्टूडियोज, ट्रू स्टोरी फिल्म्स और मां कसम फिल्म्स मिलकर कर रहे हैं।
‘धुरंधर’ के बाद रणवीर का बड़ा प्रोजेक्ट
‘प्रलय’ रणवीर सिंह की हालिया फिल्मों की सफलता के बाद उनका एक और बड़ा थिएट्रिकल प्रोजेक्ट है। उनकी फिल्म ‘धुरंधर’ और इसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रतिक्रिया मिली थी।
‘धुरंधर’ में रणवीर के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार नजर आए थे। अब ‘प्रलय’ के जरिए रणवीर एक अलग तरह की एक्शन थ्रिलर कहानी के साथ दर्शकों के सामने आने की तैयारी में हैं।

