भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस अब कानून-व्यवस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी निभाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर मानसिक रूप से बीमार, परेशान या असहाय लोगों के मिलने पर पुलिसकर्मी उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराने में मदद करेंगे। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय के अपराध अनुसंधान विभाग ने प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
पुलिस रेगुलेशन के पैरा 405 के तहत व्यवस्था
पुलिस मुख्यालय ने पुलिस रेगुलेशन के पैरा 405 का हवाला देते हुए कहा है कि ड्यूटी के दौरान मानसिक रूप से अस्वस्थ या असहाय व्यक्ति मिलने पर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की जिम्मेदारी होगी। ऐसे लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल पहुंचाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर पुलिसकर्मी इमरजेंसी फंड का भी इस्तेमाल कर सकेंगे।
संवेदनशीलता दिखाने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कार
मानसिक रोगियों की मदद करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार की व्यवस्था भी की गई है। किसी मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को समय पर सहायता देकर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस मुख्यालय की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इससे पुलिसकर्मियों को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

