तेहरान। ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच ईरानी सेना ने एक बड़ा और विवादित ऐलान किया है। ईरान ने कहा है कि किसी अमेरिकी सैनिक को मारने या पकड़ने वाले व्यक्ति को 30 हजार डॉलर (करीब 28 लाख रुपये) का इनाम दिया जाएगा। वहीं, अगर यह काम कोई महिला करती है तो इनाम की राशि बढ़ाकर 60 हजार डॉलर (करीब 56 लाख रुपये) कर दी जाएगी।
ईरानी सेना के कमांडर-इन-चीफ अमीर हातमी ने तेहरान में इस योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह फैसला कई लोगों की मांग के बाद लिया गया है। उनके अनुसार, यह उन लोगों के लिए है जो आर्थिक सहयोग के जरिए देश के युद्ध प्रयासों में योगदान देना चाहते हैं।
हातमी का दावा- अमेरिका का सैन्य दबदबा कमजोर हुआ
अमीर हातमी ने कहा कि हालिया संघर्षों ने अमेरिका की सैन्य ताकत को चुनौती दी है। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने अमेरिकी सेना को पीछे हटने के लिए मजबूर किया है और कई देशों को अपनी सुरक्षा रणनीति पर दोबारा विचार करना पड़ा है।
उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें होर्मुज स्ट्रेट को लेकर टिप्पणी की गई थी। ईरानी कमांडर ने दावा किया कि अब अमेरिका के लिए फारस की खाड़ी, ओमान सागर और होर्मुज स्ट्रेट में पहले जैसी स्थिति नहीं रही है।
ईरान का दावा- कतर ने तीन पायलटों को हिरासत में लिया
इस बीच ईरान ने कतर पर अपने तीन पायलटों को हिरासत में रखने का आरोप लगाया है। ईरान के मुताबिक, 2 मार्च को अमेरिका और इजराइल के साथ संघर्ष के शुरुआती दौर में उसके एसयू-24 विमान कतर की एयर डिफेंस कार्रवाई की चपेट में आ गए थे।
ईरानी सेना की लापता सैनिकों की तलाश करने वाली समिति के प्रमुख जनरल सैयद मोहम्मद बाघेरजादेह ने रेड क्रॉस को लिखे पत्र में दावा किया कि तीन पायलट जिंदा बच गए थे, लेकिन कतर अधिकारियों ने उन्हें पकड़ लिया।
ईरान ने जिन पायलटों के नाम बताए हैं, उनमें जवाद सालेही, अब्दोलमजीद दश्तियान और ओमरान बेहरावेशियन शामिल हैं। वहीं, एक अन्य पायलट माजिद काजेमी की मौत होने का दावा किया गया है।
कतर ने आरोपों को किया खारिज
कतर के विदेश मंत्रालय ने ईरान के इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। मंत्रालय के प्रवक्ता माजेद अल-अंसारी ने कहा कि कतर ने किसी भी ईरानी पायलट को हिरासत में नहीं लिया है।
कतर का कहना है कि ईरानी विमानों ने उसके हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया था। अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अपनी सुरक्षा के लिए कार्रवाई की गई। कतर ने यह भी कहा कि उसके खोज और बचाव दलों ने पायलटों की तलाश की थी और एक पायलट का शव मिलने के बाद ईरान को इसकी जानकारी दी गई थी।
अमेरिका, ईरान और खाड़ी देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच इस तरह के बयानों ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ा दी हैं।

