उमरिया: उमरिया जिले में लगातार बारिश के बीच वन विभाग और बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व ने वन अपराधों की रोकथाम के लिए जंगलों में निगरानी बढ़ा दी है। मानसून के दौरान कई दुर्गम इलाकों में वाहनों की पहुंच मुश्किल हो जाती है। ऐसे में शिकारियों और वन अपराधियों की गतिविधियों की आशंका को देखते हुए वन अमला संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर रहा है।
संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर
वन विभाग की टीम सीमावर्ती क्षेत्रों, बिजली के तारों के नीचे आने वाले इलाकों, नदी-नालों और वन्यजीवों के आवागमन वाले रास्तों पर विशेष निगरानी रख रही है। इसी क्रम में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला परिक्षेत्र में मानसूनी सामूहिक गश्ती अभियान चलाया गया।
ये भी पढ़े
MP Weather: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
अभियान में सहायक संचालक ताला, वन परिक्षेत्र अधिकारी सहित ताला, गोहड़ी और बठान सर्किल के परिक्षेत्र सहायक, बीट गार्ड और दैनिक वेतनभोगी सुरक्षा श्रमिक शामिल हुए।
सुबह से शाम तक 30 किलोमीटर पैदल गश्त
वन अमले ने सुबह से शाम तक करीब 30 किलोमीटर दुर्गम वन क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस दौरान जंगल के संवेदनशील रास्तों, जल स्रोतों, नदी-नालों और सीमावर्ती क्षेत्रों का भौतिक सत्यापन किया गया।
गश्ती के दौरान वनकर्मियों ने वन्यजीवों के पदचिह्न और उनकी गतिविधियों को भी दर्ज किया। साथ ही संभावित शिकार स्थलों और वन संपदा की सुरक्षा पर भी विशेष नजर रखी गई।
बारिश के मौसम में निगरानी और जरूरी
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक ने बताया कि बारिश के मौसम में जंगल की निगरानी और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। कई ऐसे रास्ते हैं, जहां मानसून के दौरान वाहनों की पहुंच संभव नहीं होती। ऐसे क्षेत्रों में वनकर्मी पैदल जाकर निगरानी कर रहे हैं।
अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त कर रहे हैं। वन विभाग की टीमें पूरे जंगल के साथ-साथ वन्यप्राणियों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि वन अपराध और शिकार जैसी घटनाओं को रोका जा सके।

