सागर: मध्यप्रदेश के सागर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के घर से भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र के तिली तिराहे के पास का है, जहां रविवार को पुलिस ने सौरभ अहिरवार के घर पर छापामार कार्रवाई की।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान घर से इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिली कि नोटों की गिनती के लिए मौके पर मशीन बुलानी पड़ी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बरामद रकम करीब 4 करोड़ रुपये होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक रकम का खुलासा नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
ये भी पढ़े
MP Weather: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
तीन थानों का पुलिस बल तैनात
नकदी बरामद होने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा और जांच के मद्देनजर तीन थानों का पुलिस बल भी मौके पर मौजूद है। वहीं, तहसीलदार की मौजूदगी में नकदी की गिनती और कार्रवाई की जा रही है।
रकम के स्रोत को लेकर उठे सवाल
जानकारी के मुताबिक, सौरभ अहिरवार के पिता गैस एजेंसी में काम करते थे, जबकि उसकी मां बीड़ी बनाने का काम करती हैं। ऐसे में घर से इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद पुलिस अब रकम के स्रोत को लेकर जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम युवक के पास कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। फिलहाल नकदी की गिनती जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

