सीहोर। सावन मास के अंतिम सोमवार से पहले सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। मंगलवार, 25 अगस्त को सीवन नदी के तट से भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धालु सीवन नदी से पवित्र जल लेकर करीब 11 किलोमीटर पैदल चलकर कुबेरेश्वर धाम पहुंचेंगे और भगवान कुबेरेश्वर महादेव का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा सुबह 9 बजे पूजन-अर्चन के बाद शुरू होगी। मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना है।
पंडित प्रदीप मिश्रा भी उठाएंगे कांवड़
यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक और कुबेरेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित प्रदीप मिश्रा का स्वयं कांवड़ लेकर पैदल चलना रहेगा। आयोजकों के अनुसार वे सीवन नदी से पवित्र जल लेकर श्रद्धालुओं के साथ कुबेरेश्वर धाम तक जाएंगे और भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। उनके यात्रा में शामिल होने से श्रद्धालुओं में खास उत्साह है।
मनोकामना और समर्पण का प्रतीक है कांवड़
पंडित प्रदीप मिश्रा के अनुसार सीवन नदी से कुबेरेश्वर धाम तक निकलने वाली कांवड़ यात्रा श्रद्धा, संकल्प और भगवान शिव के प्रति समर्पण की परंपरा है। श्रद्धालु पवित्र जल लेकर अपनी मनोकामनाओं और भावनाओं को शिव चरणों में अर्पित करने के लिए धाम पहुंचते हैं।
11 किमी यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा
25 अगस्त की भव्य कांवड़ यात्रा को यादगार बनाने के लिए पूरे 11 किलोमीटर के यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की तैयारी की गई है। सीवन नदी से कुबेरेश्वर धाम तक कांवड़ियों पर फूल बरसाए जाएंगे। यात्रा में आठ भव्य झांकियां और भजन प्रस्तुतियां भी प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
देशभर से पहुंच रहे शिवभक्त
आयोजकों के मुताबिक मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सीहोर पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर शहर और आसपास के होटल, धर्मशाला तथा होम स्टे पर भी दिखाई दे रहा है। कई ठहरने की सुविधाएं पहले ही भर चुकी हैं।
पांच क्विंटल फूलों से सजेगा बाबा का दरबार
कुबेरेश्वर धाम में मंगलवार को भगवान कुबेरेश्वर महादेव का पांच क्विंटल फूलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। कांवड़िए सीवन नदी से जल लेकर धाम पहुंचेंगे, जिसके बाद पवित्र जल से महादेव का महाभिषेक किया जाएगा। विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे।
100 से ज्यादा सेवा स्टॉल तैयार
कांवड़ियों की सुविधा के लिए सीवन नदी से कुबेरेश्वर धाम तक 100 से अधिक सेवा स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां पेयजल, चाय, नाश्ता, फलाहारी खिचड़ी और भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। यात्रा मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर सेवा केंद्र बनाए जा रहे हैं, जहां श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की व्यवस्था
लाखों श्रद्धालुओं की संभावित मौजूदगी को देखते हुए यात्रा मार्ग पर प्राथमिक चिकित्सा और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की तैयारी है। प्रशासन और आयोजक सुरक्षा तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
रूट डायवर्ट, वन-वे और पार्किंग व्यवस्था
श्रद्धालुओं और वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण कुबेरेश्वर धाम के आसपास यातायात दबाव बढ़ गया है। प्रशासन ने कई मार्गों पर रूट डायवर्जन और वन-वे व्यवस्था की है। कुछ स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। जरूरत पड़ने पर कुछ मार्गों को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जा सकता है। दूर-दराज से आने वाले वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल भी चिन्हित किए गए हैं।
सीवन घाट पर गोताखोर और SDRF तैनात
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। कलेक्टर बालागुरू के. और एसपी सोनाक्षी सक्सेना व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल, मेडिकल कैंप, पार्किंग, पेयजल, अस्थायी शौचालय और विद्युत व्यवस्था की गई है। सीवन घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग के साथ गोताखोर और एसडीआरएफ की व्यवस्था भी रहेगी।

