भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में तैनात 161 पुलिसकर्मियों को दी गई पदोन्नति निरस्त कर दी है। इनमें 83 उप निरीक्षक और 78 निरीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल हैं। विभागीय दंड, लंबित जांच, न्यायालयीन प्रकरण, पदोन्नति लेने से इनकार और कार्यमुक्त नहीं किए जाने जैसे कारणों के चलते यह कार्रवाई की गई है।पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में दो अलग-अलग आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के बाद संबंधित पुलिसकर्मी फिलहाल अपने पूर्व कार्यवाहक पदों पर ही बने रहेंगे।
जुलाई में मिली थी पुलिसकर्मियों को पदोन्नति
पहला आदेश पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के हस्ताक्षर से जारी हुआ है। इसमें कार्यवाहक उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षकों को 20 जुलाई 2026 को उप निरीक्षक पद पर दी गई पदोन्नति निरस्त की गई है।वहीं, दूसरा आदेश पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) की ओर से जारी किया गया है। इसमें कार्यवाहक निरीक्षक और उप निरीक्षकों को 13 और 20 जुलाई 2026 को दी गई पदोन्नति को रद्द किया गया है।
इन कारणों से रद्द हुई पदोन्नति
पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार, कई प्रभावित पुलिसकर्मियों के खिलाफ पहले से विभागीय दंड लागू है। कुछ अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच लंबित है, जबकि कुछ मामले न्यायालयों में विचाराधीन हैं।इसके अलावा कुछ पुलिसकर्मियों ने पदोन्नति का लाभ लेने से इनकार कर दिया था। वहीं, कई मामलों में संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों ने अधिकारियों को नई पदस्थापना के लिए कार्यमुक्त नहीं किया। इसके चलते उन्होंने पदोन्नत पद पर आमद नहीं दी।
कार्रवाई का असर कई जिलों के पुलिसकर्मियों पर पड़ा है
इस कार्रवाई का असर प्रदेश के कई जिलों में तैनात पुलिसकर्मियों पर पड़ा है। प्रभावित जिलों में ग्वालियर, मुरैना, सतना, टीकमगढ़, बैतूल, इंदौर, रीवा, खंडवा, नीमच, जबलपुर, रायसेन, राजगढ़ और मंदसौर समेत अन्य जिले शामिल हैं।कुल 161 पुलिसकर्मियों में 83 उप निरीक्षक और 78 निरीक्षक स्तर के अधिकारी हैं। प्रभावित सूची में महिला पुलिस अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं।
जांच या कोर्ट के फैसले तक पुराने पद पर रहेंगे पुलिसकर्मी
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि संबंधित पुलिसकर्मियों के मामलों में विभागीय जांच पूरी होने या न्यायालय से निर्णय आने तक वे अपने पूर्व कार्यवाहक पदों पर ही बने रहेंगे।पुलिस मुख्यालय ने आदेश की प्रतियां विशेष पुलिस महानिदेशक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, सभी जोन के आईजी, भोपाल और इंदौर के पुलिस आयुक्तों तथा रेंज डीआईजी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी हैं।

