नई दिल्ली: बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच भारत-बेल्जियम संबंधों को मजबूत करने के साथ व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीक और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए डी वेवर 4 सितंबर तक यहां रहेंगे। फरवरी 2025 में बेल्जियम के प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। साथ ही, करीब दो दशक बाद बेल्जियम के किसी प्रधानमंत्री का भारत दौरा हो रहा है।
राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
हैदराबाद हाउस पहुंचने से पहले डी वेवर ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने समाधि पर पुष्प अर्पित किए और विजिटर बुक में हस्ताक्षर किए।
रक्षा सहयोग पर भी रहेगा जोर
डी वेवर के साथ बेल्जियम के रक्षा और विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रैंकन सहित अधिकारियों और कारोबारी नेताओं का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल आया है। इसमें बेल्जियम के रक्षा उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि भी शामिल हैं।
इसी बीच, थियो फ्रैंकन ने गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से द्विपक्षीय बैठक की। उन्होंने भारत की तकनीकी क्षमताओं की सराहना करते हुए दोनों देशों के बीच रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने की बात कही।
यह भी पढ़े: चीन के ‘महा प्रोजेक्ट’ को लेकर गंभीर चेतावनी, भारत की बड़ी आबादी पर खतरे की तलवार
मार्च 2025 में हुआ था आर्थिक मिशन
भारत और बेल्जियम के आर्थिक संबंधों को बढ़ाने की दिशा में मार्च 2025 में प्रिंसेस एस्ट्रिड के नेतृत्व में बेल्जियम का आर्थिक मिशन भारत आया था। इसमें कंपनियों, चैंबर ऑफ कॉमर्स, अकादमिक संस्थानों और सरकारी संगठनों से जुड़े 338 लोगों ने भाग लिया था। इस दौरान 38 समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर हुए थे।
कारोबार और निवेश पर नजर
डी वेवर की यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कारोबार और निवेश के नए अवसर तलाशने के साथ रक्षा उद्योग, तकनीकी सहयोग और कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर भी जोर रहने की उम्मीद है। बेल्जियम के कारोबारी और रक्षा प्रतिनिधियों की मौजूदगी को इस लिहाज से अहम माना जा रहा है।

