भोपाल: राजधानी भोपाल में सेंट्रल जीएसटी (CGST) ने जिम 365 डिग्री के पांच ठिकानों पर कार्रवाई की। जांच के दौरान विभाग को एक करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी का मामला सामने आया है। अधिकारियों के मुताबिक, जिम में ग्राहकों को बिल जारी नहीं किए जाने और जीएसटी नियमों के अनुपालन में गड़बड़ी की जानकारी मिली है।
CGST की टीम ने जिम संचालक कुरैशी के चूनाभट्टी, कोहेफिजा, बावड़िया कलां, सिंधी कॉलोनी और जेके रोड स्थित प्रतिष्ठानों पर जांच की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने बिलिंग व्यवस्था और संबंधित दस्तावेजों की जांच की।
सितंबर 2025 के बाद 5% GST का प्रावधान
जांच में सामने आया कि सितंबर 2025 में जीएसटी नियमों में बदलाव के बाद इन प्रतिष्ठानों के लिए इनपुट टैक्स क्रेडिट की व्यवस्था खत्म कर दी गई। इसके बाद जिम और इसी तरह की सेवाओं पर 5 प्रतिशत जीएसटी लागू किया गया।
विभाग के अनुसार, जांच में आरोप सामने आया कि टैक्स क्रेडिट उपलब्ध नहीं होने के बावजूद संबंधित प्रतिष्ठानों की ओर से 5 प्रतिशत जीएसटी जमा नहीं किया जा रहा था। इससे पहले इन सेवाओं पर 18 प्रतिशत जीएसटी लागू था।
30 अधिकारियों की टीम ने की कार्रवाई
CGST की करीब 30 अधिकारियों की टीम ने पांचों ठिकानों पर कार्रवाई की। यह कार्रवाई प्रधान आयुक्त CGST एन. पदमश्री के निर्देश पर की गई, जबकि एडिशनल कमिश्नर जी. मनिगंडा स्वामी ने टीम का नेतृत्व किया।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद टैक्स देनदारी का आकलन किया जाएगा। यदि टैक्स चोरी की पुष्टि होती है तो संबंधित राशि की वसूली और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: भोपाल के फिटनेस सेक्टर पर CGST की बड़ी कार्रवाई, जिम चेन के खातों में मिली टैक्स गड़बड़ी
सारंगपुर में किराना कारोबारियों के यहां भी GST जांच
इधर, स्टेट जीएसटी भोपाल की टीम ने सोमवार को राजगढ़ जिले के सारंगपुर में बड़े किराना कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने बिलिंग व्यवस्था, बिक्री और जीएसटी अनुपालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।
अधिकारियों के पहुंचने की सूचना मिलने पर कुछ दुकानदार प्रतिष्ठान बंद कर चले गए, जबकि कुछ जगह संचालक मौजूद नहीं मिले। विभाग को बिना बिल सामान बेचने और ग्राहकों से जीएसटी की राशि लेने के बावजूद बिल जारी नहीं करने की शिकायतें मिली थीं।
जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठान जीएसटी में अनरजिस्टर्ड भी मिले।
40 लाख से कम टर्नओवर वाले प्रतिष्ठान भी मिले
जांच में कुछ दुकानों का सालाना कारोबार 40 लाख रुपये से कम पाया गया। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे प्रतिष्ठानों के जीएसटी पंजीयन और नियमों के तहत पात्रता की जांच की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया कि केवल अनरजिस्टर्ड मिलने से किसी प्रतिष्ठान के खिलाफ तत्काल कार्रवाई तय नहीं होती। निरीक्षण के बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी। बिना बिल बिक्री या जीएसटी नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रात में सील किए गए थे जिम के प्रतिष्ठान
CGST की कार्रवाई सोमवार से शुरू हुई थी। जांच पूरी नहीं होने के कारण रात में जिम 365 डिग्री के संबंधित प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया था। मंगलवार को अधिकारी दोबारा इन प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच और आगे की कार्रवाई पूरी करेंगे।

