धार: बदनावर में शनिवार सुबह तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में पति, पत्नी और 13 साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने फोरलेन पर चक्काजाम किया
हादसे के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। इससे करीब 4 घंटे यातायात प्रभावित रहा। घटना लेबड़-नयागांव फोरलेन की है।
खेत जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, राहुल (35), उनकी पत्नी पूजा (30) और दो बेटियां सुमन (13) व शिवानी अपने गांव बड़ा कठोड़िया से खेरवास स्थित खेत पर लहसुन की बोवनी के लिए बाइक से जा रहे थे, जब वे पिटगारा चौराहे पर पहुंचे, तभी वाहन ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल, पूजा और सुमन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें: भोपाल: महिला वकील को गुंडा सूची में डालने के मामले में पुलिस को राहत, 2 लाख का हर्जाना रद्द
अधिकारी मौके पर मौजूद
चक्काजाम और हंगामे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अमला तुरंत हरकत में आया। एसडीएम प्रियंका मिमरोट, तहसीलदार सुरेश नागर, एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर और टीआई अमित सिंह कुशवाह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों और परिजन को समझा-बुझाकर चक्काजाम समाप्त कराने और आरोपी वाहन चालक की तलाश के प्रयास कर रहे हैं।

