भोपाल: मध्यप्रदेश में वाहन चोर गैंग की अब खैर नहीं। प्रदेश पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए पिछले 20 दिनों में 8 जिलों से 110 चोरी के वाहन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में कई शातिर चोर गिरफ्तार हुए हैं और अंतर्राज्यीय गिरोहों का भी पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से इन वारदातों का खुलासा किया है।
गुना में अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा—24 मोटरसाइकिलें जब्त
गुना पुलिस की चांचौड़ा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से गुना, इंदौर, राजगढ़ तथा राजस्थान के विभिन्न स्थानों से चोरी की गई 24 मोटरसाइकिलें जब्त की।
बैतूल में वाहन चोर से 22 मोटरसाइकिलें जब्त
बैतूल की थाना भैंसदेही पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की गई 21 मोटरसाइकिलें, जिनकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है, जब्त की।
वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की 01 मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों कार्रवाइयों में कुल 22 मोटरसाइकिलें जब्त की है।
ग्वालियर- 22 मोटरसाइकिलें जब्त
डबरा सिटी पुलिस ने एक वाहन चोर और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर 19 मोटरसाइकिलें जब्त कीं।
थाना मुरार पुलिस ने जनभागीदारी से लगाए गए CCTV कैमरों की मदद से चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल के साथ एक विधिविरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया।
इसके अतिरिक्त थाना भितरवार पुलिस ने CCTV फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर दो अलग-अलग कार्रवाइयों में वाहन चोरों को गिरफ्तार कर 2 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। इस प्रकार ग्वालियर पुलिस ने वाहन चोरी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 22 मोटरसाइकिलें जब्त कीं।
जबलपुर – 13 मोटरसाइकिलें जब्त
जबलपुर की थाना हनुमानताल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक विधिविरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर 6 वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 दुपहिया वाहन, 5 मोबाइल और चाकू जब्त किए है। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये है।
यह भी पढ़ें: इंदौर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, सड़कों पर लगे कचरे के ढेर
टीकमगढ़ – अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश
टीकमगढ़ की कोतवाली पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 9 मोटरसाइकिलें, जिनकी कीमत लगभग 3 लाख 90 हजार रुपये है, जब्त की है।
इसी प्रकार इंदौर से 02 थार व 01 स्कॉर्पियो कुल तीन वाहन, धार से 2 मोटरसाइकिलें एवं 01 पिकअप वाहन, मंदसौर से 3, नरसिंहपुर से 3, छिंदवाड़ा से 2, खंडवा, उमरिया, सागर, सीहोर, विदिशा एवं छतरपुर से 1-1 मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

