बड़वानी: मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल रविवार को पहली बार बड़वानी जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां साखी रिसॉर्ट में आयोजित संगठन की बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मंत्र दिया। खंडेलवाल ने कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत है और बूथ की मजबूती से ही चुनाव जीतने का रास्ता आसान होता है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा।
बूथ स्तर पर मजबूत पकड़ चुनावी सफलता के लिए अहम है
बड़वानी में भाजपा की संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और हर चुनाव में जीत का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और बूथ स्तर पर मजबूत पकड़ चुनावी सफलता के लिए अहम है।
कांग्रेस ने 70 साल में कुछ नहीं किया
खंडेलवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने 70 साल में कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने आम लोगों के लिए घर और फसल बीमा जैसी योजनाओं पर काम किया है। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2060 तक भारत चीन और अमेरिका से आगे निकल सकता है। बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारियों पर जोर दिया गया।
चुनाव आयोग की पहल का किया स्वागत
प्रदेश अध्यक्ष ने एसआईआर पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि एसआईआर एक सामान्य प्रक्रिया है। देश की आजादी के बाद कई बार यह प्रक्रिया हुई है। चाहे किसी भी दल की सरकार हो सही व्यक्ति को वोट का अधिकार मिले। कोई गलत व्यक्ति वोट ना दे पाए। चुनाव आयोग की इस पहल का हम स्वागत करते हैं। सभी दल को इस प्रक्रिया का स्वागत करना चाहिए। साथ ही सभी लोगों को इस प्रक्रिया में भाग लेकर लोकतंत्र को मजबूत करना चाहिए।
ये भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर राहुल गांधी का ऐलान, INDIA गठबंधन के साथ करेंगे प्रदर्शन
कांग्रेस के सवालों पर पलटवार
हेमंत खंडेलवाल ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस की ओर से खड़े किए जा रहे सवालों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि एसआईआर कई बार कांग्रेस के समय में भी हुई है। यह एक सामान्य प्रक्रिया है कि जो डुप्लीकेट वोट है, जो इस देश का नागरिक नहीं है, किसी मतदाता के कई जगह नाम है। सही मतदाता का वोटर लिस्ट में नाम हो यह सामान्य प्रक्रिया है। इसका हर दल को स्वागत करना चाहिए।

