दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के प्रमुख अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर को निर्धारित विरोध-प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा, अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा।
दीपके ने अपने पोस्ट में इस फैसले की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि जंतर-मंतर को पहले ही युद्ध का मैदान बना दिया गया था। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों में बदलाव किया गया है।
प्रदर्शन के लिए तीन नए स्थल निर्धारित
दिल्ली में विरोध प्रदर्शन और धरना आयोजित करने के लिए जंतर-मंतर को निर्धारित स्थलों की सूची से हटाए जाने की जानकारी सामने आई है। इसकी जगह राजधानी में तीन नए स्थानों को प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने इस संबंध में स्थायी आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक, अब विरोध प्रदर्शन और धरने आयोजित करने के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान निर्धारित किए गए हैं। इनमें सेंट्रल दिल्ली स्थित रामलीला मैदान, उत्तरी दिल्ली का बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी मैदान शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन पर लगी रोक, सरकार ने बताई 3 नई जगहें
एक कमेटी का गठन किया था
आदेश के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मौजूदा निर्धारित प्रदर्शन स्थल के विकल्प तलाशने और धरना-प्रदर्शन के लिए उपयुक्त स्थानों की समीक्षा करने के उद्देश्य से एक कमेटी का गठन किया था। कमेटी की सिफारिशों के आधार पर जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल की सूची से गैर-अधिसूचित कर दिया गया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इन तीनों निर्धारित स्थलों पर विरोध प्रदर्शन और धरने आयोजित करने के लिए विस्तृत एवं संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया अलग से जारी की जाएगी। यह आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी किए गए पिछले स्थायी आदेश में आंशिक संशोधन के तौर पर जारी किया गया है।

