मुंबई: सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ की रिलीज से पहले संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर ने उनकी जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि 76 साल की उम्र में भी रजनीकांत का पर्दे पर वही जादू बरकरार है और वह इतिहास रच रहे हैं। अनिरुद्ध ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए बताया कि रजनीकांत ने कई पीढ़ियों के दर्शकों को खुशी, हंसी, रोमांच और जिंदगीभर याद रहने वाले पल दिए हैं।
नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी ‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के पहले भाग की सफलता के बाद दर्शकों को इसके दूसरे भाग का इंतजार है। अनिरुद्ध भी इस फिल्म के संगीतकार के रूप में लौट रहे हैं।
‘एक सूरज, एक चांद और एक रजनीकांत’
अनिरुद्ध ने इंस्टाग्राम पर रजनीकांत की तारीफ करते हुए लिखा, ‘एक सूरज। एक चांद। और एक।’ उन्होंने अपने संदेश में कहा कि रजनीकांत ने पीढ़ियों तक दर्शकों का मनोरंजन किया है। 76 साल की उम्र में भी उनका जादू कायम है और वह इतिहास रच रहे हैं।
संगीतकार ने आगे लिखा कि फिल्म की रिलीज के दिन एक बार फिर सिनेमाघरों की लाइटें बंद होंगी और पर्दा जगमगा उठेगा। उन्होंने रजनीकांत के लिए दर्शकों का प्यार और शुभकामनाएं भी जाहिर कीं। उनके इस संदेश ने फिल्म की रिलीज से पहले प्रशंसकों का उत्साह बढ़ा दिया है।
‘जेलर’ के संगीत ने बनाया था खास माहौल
अनिरुद्ध रविचंदर ने 2023 में रिलीज हुई ‘जेलर’ के लिए भी संगीत तैयार किया था। फिल्म में रजनीकांत ने टाइगर मुथुवेल पांडियन का किरदार निभाया था। फिल्म के गीतों और पृष्ठभूमि संगीत ने उनके किरदार को दमदार अंदाज देने में अहम भूमिका निभाई थी।
पहली फिल्म की सफलता के बाद अनिरुद्ध ने रजनीकांत और निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार के साथ अपना सहयोग जारी रखा है। ‘जेलर 2’ में भी संगीत से दर्शकों के बीच वही रोमांच पैदा करने की उम्मीद की जा रही है।
ये भी पढ़ें: हॉलीवुड सिंगर का बड़ा दावा, CJP को अमेरिका से फंडिंग मिल रही;भारत में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे
कई बड़े सितारे आएंगे नजर
सन पिक्चर्स के बैनर तले बनी ‘जेलर 2’ का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है। फिल्म में रजनीकांत मुख्य भूमिका में हैं। राम्या कृष्णन, योगी बाबू और मिर्ना जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।
इसके अलावा मलयालम अभिनेता मोहनलाल और कन्नड़ अभिनेता शिवराजकुमार की मौजूदगी भी फिल्म को खास बनाती है। फिल्म में विद्या बालन की अहम भूमिका होने की जानकारी है। ऋतिक रोशन और विजय सेतुपति की विशेष भूमिकाओं को लेकर भी चर्चाएं हैं।
रजनीकांत की लोकप्रियता, बड़े सितारों की मौजूदगी और अनिरुद्ध के संगीत के कारण ‘जेलर 2’ से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं। अब देखना होगा कि फिल्म सिनेमाघरों में पहले भाग की सफलता को कितना आगे बढ़ा पाती है।

