भोपाल: ब्रेस्ट कैंसर सिर्फ महिलाओं को नहीं, पुरुषों को भी हो सकता है। पुरुषों में इसके मामले कम सामने आते हैं, इसलिए शुरुआती लक्षणों को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। एम्स भोपाल ने स्तन कैंसर जागरूकता माह के तहत पुरुषों को इसके लक्षणों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। संस्थान में 1 से 31 अक्टूबर तक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
पुरुषों में ब्रेस्ट कैंसर के 5 प्रमुख लक्षण
1. छाती में गांठ: छाती या निप्पल के आसपास नई गांठ महसूस होना स्तन कैंसर का संभावित संकेत हो सकता है।
2. निप्पल का अंदर मुड़ना: निप्पल का अचानक अंदर की ओर खिंचना या उसकी बनावट में बदलाव होना।
3. त्वचा में बदलाव: छाती या निप्पल के आसपास की त्वचा में असामान्य बदलाव दिखाई देना।
4. निप्पल से स्राव: निप्पल से तरल पदार्थ या खून निकलना।
5. बगल में गांठ: बगल में नई गांठ महसूस होना, जिसकी चिकित्सकीय जांच जरूरी है।
यह भी पढ़ें: रूस-यूक्रेन युद्ध: यूक्रेन ने दागे 1,015 ड्रोन, सेंट पीटर्सबर्ग में तेल ठिकानों पर लगी आग
परिवार में कैंसर का इतिहास तो रहें सतर्क
परिवार में स्तन कैंसर का इतिहास और कुछ आनुवंशिक बदलाव बीमारी का जोखिम बढ़ा सकते हैं। पुरुषों में जानकारी की कमी और सामाजिक झिझक के कारण जांच में देरी हो सकती है।
इन लक्षणों का मतलब हमेशा कैंसर होना नहीं है, लेकिन कोई नया या लगातार बना रहने वाला बदलाव दिखे तो डॉक्टर से परामर्श लें। एम्स भोपाल ने अपील की है कि शर्म या संकोच के कारण जांच न टालें। समय पर जांच से बीमारी की पहचान और उचित उपचार में मदद मिल सकती है।

