इंदौर: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। हरियाणा के सोनीपत निवासी 22 वर्षीय प्रांजल ठाकरान को इंदौर से गिरफ्तार किया गया है, जिसके बाद आरोपियों की संख्या 11 हो गई है।
परदेशीपुरा से पकड़ा गया आरोपी
मुंबई क्राइम ब्रांच को प्रांजल के इंदौर में होने की सूचना मिली थी। मुंबई और इंदौर पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार 24 अक्टूबर को परदेशीपुरा इलाके से उसे गिरफ्तार किया। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, प्रांजल इंजीनियरिंग कर चुका है और पांच दिन पहले इंदौर आया था। पुलिस को संदेह है कि उसने शूटरों तक हथियार पहुंचाने में मदद की थी।
सूरत से हथियार बरामद
जांच के दौरान सूरत से दो पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। कुछ रिपोर्टों में तीन हथियार मिलने का भी दावा है। बरामद हथियारों को बैलिस्टिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि फायरिंग में उनके इस्तेमाल की पुष्टि हो सके।
परिवार ने बताया निर्दोष
परिजनों ने आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि प्रांजल अपने बीमार भाई की देखभाल के लिए इंदौर आया था और अस्पताल में भाई के पास से ही पुलिस ने उसे पकड़ा। परिवार का दावा है कि उसे गलत फंसाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही भूमिका स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें: सागर के शाहगढ़ में ₹5 लाख के अवैध पटाखे जब्त, गोदाम और पलंग पेटी में छिपाकर रखे थे
18 अक्टूबर को हुई थी फायरिंग
18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी हुई थी। अभिनेता सुरक्षित रहे, ड्राइवर घायल हुआ था। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित द्वारा लेने की बात सामने आई थी। पुलिस पूरे नेटवर्क और साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। प्रांजल को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया जा रहा है।

