बालाघाट/बैहर: जिले के बैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सीताडोंगरी में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। घर के आंगन में बने कुएं से पानी निकालते समय एक महिला अचानक कुएं में गिर गई। पत्नी को डूबता देख पति ने उसे बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन दुर्भाग्यवश दोनों की जान नहीं बच सकी। घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई। एक ही परिवार में दो लोगों की मौत से गांव में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सीताडोंगरी निवासी अंजोर सिंह उइके (52 वर्ष), पिता धरमसिंह उइके, के घर के आंगन में पत्थर से बना कुआं है। कुएं में लगी पानी की मोटर पिछले तीन-चार दिनों से खराब थी। रविवार दोपहर करीब दो बजे उनकी पत्नी शांति बाई उइके (48 वर्ष) बाल्टी की मदद से कुएं से पानी निकाल रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वह कुएं में गिर गईं।
पत्नी को बचाने की कोशिश में पति ने भी गंवाई जान
पत्नी को कुएं में गिरता देख अंजोर सिंह ने उन्हें बचाने के लिए बिना देर किए कुएं में छलांग लगा दी। हालांकि, वह भी कुएं से बाहर नहीं निकल पाए। कुछ ही देर में यह घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बैहर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव कुएं से बरामद किए।
यह भी पढ़ें: तीसरे T20 से भी बाहर हुए ईशान किशन, जांघ की चोट बनी वजह; वेलिंग्टन में टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन
पांच बेटों के सिर से उठा माता-पिता का साया
मृतक दंपती के पांच बेटे हैं और परिवार के सभी सदस्य एक साथ रहते हैं। माता-पिता की एक साथ मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है।
बैहर थाना प्रभारी दीपिका सिंगौर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शव कुएं से बरामद किए। देर शाम होने के कारण शवों का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

