Tuesday, October 27, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsइंदौर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अपील- पानी व्यर्थ बहाया तो कटेगा...

इंदौर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अपील- पानी व्यर्थ बहाया तो कटेगा चालान

इंदौर: शहर में पानी की बर्बादी रोकने के लिए नगर निगम अब सख्ती की तैयारी में है। इसी के चलते निगरानी अभियान के तहत महापौर पुष्यमित्र भार्गव सोमवार को शहर की गलियों में पहुंचे और रहवासियों से पानी बचाने की अपील की। उन्होंने कहा, घरों में जरूरत से ज्यादा पानी बहाने और पीने योग्य पानी का अनावश्यक इस्तेमाल करने वालों को पहले दो-तीन बार समझाइश दी जाएगी। इसके बाद भी यदि पानी की बर्बादी नहीं रुकी तो वीडियो बनाकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने पार्श्वनाथ, विनय नगर, जैन कॉलोनी और लोकमान्य नगर में लोगों से बातचीत कर पानी का जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि गर्मी में पानी की जरूरत बढ़ जाती है। ऐसे में पानी की बर्बादी का नुकसान अंततः शहरवासियों को ही उठाना पड़ेगा। हर घर में पानी का इस्तेमाल जरूरत के मुताबिक होना चाहिए, ताकि भविष्य में जल संकट से बचा जा सके।

स्थिति में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई के निर्देश

महापौर ने अभियान में जुटी एनजीओ की टीम को निर्देश दिए कि पानी बर्बाद करते पाए जाने वाले लोगों को शुरुआत में दो-तीन बार समझाया जाए। इसके बाद भी यदि स्थिति में सुधार नहीं होता है तो पानी की बर्बादी का वीडियो बनाकर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाए। निगम का उद्देश्य लोगों को पानी बचाने के लिए जागरूक करने के साथ अनावश्यक खपत पर रोक लगाना है।

आरओ के वेस्ट पानी का इस्तेमाल करने की अपील

महापौर ने लोगों को घरों में आरओ से निकलने वाले वेस्ट पानी को फेंकने के बजाय दोबारा इस्तेमाल करने की सलाह दी। इस पानी का उपयोग पौधों में डालने, गाड़ी धोने और कपड़े धोने जैसे कामों में किया जा सकता है। इससे पीने योग्य पानी की बर्बादी कम होगी और उपलब्ध पानी का बेहतर उपयोग हो सकेगा।

ये भी पढ़ें: सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज,उज्जैन में 391 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन करेंगे CM

दीपावली तक चलेगा निगरानी अभियान

महापौर ने एनजीओ की टीम को दीपावली तक अभियान का चार्ट तैयार कर नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। जिन स्थानों पर हरी घास दिखाई दे रही है, वहां भी दो-दो दिन की समय-सीमा तय कर उसकी कटाई कराने को कहा गया है।

इस दौरान जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ‘बबलू’, पार्षद योगेश गेदर और नगर निगम के जोनल अधिकारी मौजूद रहे। निगम का फोकस अब घरों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी की बर्बादी रोकने, लोगों को जागरूक करने पर है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

25 to 31 October 2026
18 to 24 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन