भोपाल: राजधानी में ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर जानलेवा स्टंट करने का एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। करोंद चौराहा से लांबाखेड़ा मार्ग पर एक ही बाइक पर 5 लड़के सवार होकर फर्राटा भरते नजर आए, जिसमें एक लड़का फुटरेस्ट पर खड़े होकर स्टंट करता दिखा।
राजधानी भोपाल की सड़कों पर 5 लड़कों की खतरनाक हरकतों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। करोंद चौराहा से लांबाखेड़ा मार्ग के इस वीडियो में एक ही बाइक पर पांच लड़के सवार होकर सड़क पर दौड़ते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि बाइक के पिछले हिस्से में एक लड़का फुटरेस्ट पर दोनों पैरों से खड़ा होकर आगे बैठे साथी के कंधों को पकड़े हुए दिखाई दे रहा है। यह नजारा सड़क सुरक्षा और बच्चों की जान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
तेज रफ्तार सड़क पर इस तरह बाइक चलाना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है। जरा-सी चूक, अचानक ब्रेक या बाइक का संतुलन बिगड़ने पर कई जिंदगियां खतरे में पड़ सकती थीं। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों की जिम्मेदारी और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
अक्सर लड़के बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते नजर आते हैं। कई मामलों में लड़के घर से वाहन लेकर निकल जाते हैं और परिजनों को इसकी जानकारी तक नहीं होती। ऐसे में सवाल है कि आखिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक कितने सतर्क हैं और उन्हें यातायात नियमों की गंभीरता क्यों नहीं समझाई जा रही?
यह भी पढ़ें: नेहा पच्चीसिया ने हाईकोर्ट में दी एफआईआर को चुनौती, जमीन सौदे में भूमिका से किया इनकार
वाहन मालिक पर भी होगी कार्रवाई
मामले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात वसंत कोल ने सख्त कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही बाइक को नंबर के आधार पर ट्रेस किया जा रहा है। वाहन जब्त करने के साथ वाहन मालिक के रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। संबंधित वाहन मालिक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह वीडियो यातायात पुलिस और अभिभावकों, दोनों के लिए चेतावनी है। जरूरी है कि नाबालिगों को वाहन चलाने से रोका जाए और सड़कों पर नियमित चेकिंग बढ़ाई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले ऐसी लापरवाही पर लगाम लग सके।

